MUZAFFARPUR

पटना में टैक्सी से मिले ₹55 लाख, गुजरात के तीन युवक गिरफ्तार, हवाला से है कनेक्शन!

पटना: राजधानी पटना में एक टैक्सी से 55 लाख रुपए बरामद किए गए हैं. साथ ही गुजरात के तीन युवकों को भी पकड़ा गया है. बताया जा रहा है कि तीनों युवक टैक्सी बुक करके बोरिंग रोड नेहरू नगर रोड नंबर 4 में किसी व्यक्ति को हवाला के रुपए देने जा रहे थे. इसी बीच वो जक्कनपुर पुलिस की पकड़ में आ गए.

वाहन चेकिंग के दौरान मिली सफलता

दरअसल देर शाम मीठापुर बाईपास के टीओपी क्षेत्र में जक्कनपुर थाना पुलिस नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी चेकिंग के लिए एक टैक्सी को रोका गया. टैक्सी में तीन युवक सवार थे.

कपड़ों में लिपटे मिले 55 लाख

जब पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी ली गई तो 55 लाख रुपए कपड़ों में लिपटे बरामद हुए. जिसके बाद युवकों से इतनी बड़ी राशि ले जाने के संबंध में पूछताछ की गई तो तीनों युवक कोई संतोषजनक कारण नहीं बता पाये.

हवाला से हो सकता है कनेक्शन

इसके अलावा जक्कनपुर पुलिस को तीनों युवकों के मोबाइल फोन से 10 और 20 रुपये के नोटों की फोटो मिली. जिससे पुलिस को शक हुआ कि ये नकली करेंसी या हवाला लेनदेन से जुड़े हो सकते हैं.

युवकों ने खुद को बताया कारोबारी

शक होने के बाद पुलिस तीनों युवकों को जक्कनपुर थाना लेकर गई, जहां उनसे पूछताछ की गई. पूछताछ में उन्होंने खुद को कारोबारी बताया, लेकिन व्यापार का प्रमाण, बैंक विवरण या यात्रा का उद्देश्य नहीं बता सके.

SIT गठित करने के निर्देश

तीनों युवक गुजरात के पाटन निवासी हैं और हाल ही में वो बोरिंग रोड पर किराये पर रह रहे थे. फिलहाल जक्कनपुर थाना में सनहा दर्ज किया गया है और नकदी की उत्पत्ति की जांच के लिए आयकर विभाग को अलर्ट रखा गया है. साथ ही SIT गठित करने के निर्देश दिए गए हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.