बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) पार्टी के प्रमुख चिराग पासवान के भी बिहार की राजनीति में आने की मजबूत चर्चा है। खुद चिराग पासवान भी बिहार की राजनीति में आने की इच्छा जता चुके हैं। एलजेपी (आर) के कई नेता भी यह कहते रहे हैं कि कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि चिराग पासवान बिहार आकर विधानसभा चुनाव लड़ें। चिराग पासवान बिहार में आपराधिक घटनाओं को लेकर नीतीश सरकार को भी घेरते रहे हैं और हाल ही में उन्होंने बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर यहां तक कह दिया था कि उन्हें इस बात का दुख है कि वो इस सरकार का हिस्सा हैं।

अब नीतीश सरकार के एक मंत्री ने कहा है कि चिराग पासवान को दिल्ली से इस्तीफा देकर बिहार आ जाना चाहिए। हम सेक्युलर के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि अगर चिराग पासवान की बिहार आने की इच्छा है तो निश्चित रूप से अब उनको केंद्र की जिम्मेदारी छोड़ कर बिहार आ जाना चाहिए। जनता में विश्वास जगाना होगा कि हम दो नाव पर नहीं है, एक नाव पर हैं। एक निजी चैनल से बातचीत में बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में किसी को रोका नहीं जा सकता। चिराग बिहार आने के लिए स्वतंत्र हैं। हम उनका स्वागत करते हैं।

मुकेश सहनी के NDA में आने पर क्या बोले..
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के एनडीए में शामिल होने से संबंधित एक सवाल पर संतोष सुमन ने कहा कि वे अनप्रिडक्टेबल हैं। एक जगह चैन से नहीं रहते। उनकी कोई नीति-विचारधारा नहीं है। पहले ही 60 सीटों पर क्लेम कर रहे हैं। ऐसे व्यक्ति किसी गठबंधन में ज्यादा दिन नहीं रहते। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में आगे निकलने की होड़ है, इसलिए बिखराव संभव है। वहीं, एनडीए बहुत पुराना और नेचुरल गठबंधन है।

नीतीश कुमार ही सीएम होंगे- चिराग पासवान
बहरहाल आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने बीते सोमवार को कहा कि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

चिराग पासवान की यह टिप्पणी नीतीश कुमार सरकार को समर्थन देने पर खेद जताने के दो दिन बाद आई है। चिराग ने आरोप लगाया था कि सरकार ने अपराधियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। बिहार के हाजीपुर से सांसद पासवान ने कहा कि राजग चुनावों के लिए एक “विजयी गठबंधन” है और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। चिराग पासवान ने कहा, ‘मैंने कई बार दोहराया है कि मेरी प्रतिबद्धता और प्रेम प्रधानमंत्री के प्रति है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में (बिहार में) चुनाव लड़े जाएंगे। चुनाव परिणामों के बाद, नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। निश्चित रूप से वह मुख्यमंत्री होंगे।’







Leave a Reply