बेगूसराय: बेगूसराय जिले में एक हृदयविदारक घटना हुई है। फेसबुक पर पति ने अपनी पत्नी के साथ फोटो लगाई और इसमें लिख दिया अलविदा। इसके बाद पति और पत्नी ने बंद कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना लाखो थाना क्षेत्र के बहदरपुर गांव की है। मृतकों की पहचान बहदरपुर निवासी शुभम कुमार और उसकी पत्नी मुन्नी देवी के रूप में की गई है।

दोनों की 8 माह पहले हुई थी लव मैरिज
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि दोनों ने 8 माह पहले प्रेम विवाह किया था। इसके बाद साल 2024 के दिसंबर से परिजनों के साथ रहने लगे थे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार की दोपहर बच्चे को डॉक्टर से दिखाने के लिए सभी बाहर गए हुए थे। जब घर के सदस्य दोपहर बाद घर लौटे तो घर अंदर से लॉक था। काफी आवाज देने के बाद भी जब गेट नहीं खुला तो खिड़की से झांकने पर देखा कि शुभम फंदे से लटका हुआ है और मुन्नी देवी बेड पर मृत अवस्था में पड़ी हुई है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद से ही गांव में मातम छाया हुआ है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

घटना की सूचना मिलते ही लाखो थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई। फिलहाल डीएसपी मामले की जांच कर रहे हैं। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंची और जांच पड़ताल की। इस मामले में परिजनों का कहना है कि दंपति के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं था।

फ़ेसबुक पर अलविदा लिखकर किया पोस्ट
ग्रामीणों ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले ही शुभम और मुन्नी ने अपनी सेल्फी लगाकर सोशल मीडिया पर “अलविदा” लिखकर फोटो पोस्ट किया था। इस बात से यह घटना से आत्महत्या करने की आशंका दिख रही है। घटना के संबंध में सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सोशल मीडिया के सुरागों के आधार पर पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।








Leave a Reply