MUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर पहुंचे तेज प्रताप ने कहा- ‘हर हाल में महुआ से ही लड़ेंगे चुनाव’,भाई तेजस्वी को बताया ‘अर्जुन’

मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर पहुंचे पुर्व राजद मंत्री तेज प्रताप यादव। यहां उन्होंने कांवरिया सेवा शिविर में हिस्सा लिया और बाद में एक निजी कार्यक्रम में भी शिरकत की। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों में राधा-कृष्ण की तस्वीर दिखाते हुए श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं में उन्हें देखने के लिए काफी उत्साह देखने को मिला।

तेज प्रताप यादव ने स्पष्ट कहा कि वे विधानसभा चुनाव महुआ से ही लड़ेंगे और इसके लिए किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं पहले ही कह चुका हूं कि महुआ से ही चुनाव लड़ूंगा। यह मेरा प्रण है और इसमें कोई किंतु-परंतु नहीं है। महुआ की जनता मुझे चाहती है और मैं जनता के बीच काम करता हूं।

आगे तेज प्रताप यादव ने कहा कि अभी सावन का पावन महीना चल रहा है। सभी लोग शिवभक्ति में लीन हैं। मुझे भी कांवरिया सेवा शिविर में आमंत्रित किया गया था, इसलिए यहां आया हूं। साथ ही संगठन की मजबूती को लेकर भी बातचीत हुई है। चुनाव का समय है और संगठन मजबूत रहेगा, तभी हम चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। अपने छोटे भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को लेकर तेज प्रताप ने कहा कि तेजस्वी मेरे छोटे भाई हैं और मैंने ही उन्हें अर्जुन कहा था।


वह अर्जुन की तरह काम कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। हमारे बीच किसी भी तरह का कोई विवाद नहीं है। तेज प्रताप यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा हमारे बीच फूट डालने की साजिश कर रही है। वे आपसी संबंधों में दरार दिखाना चाहते हैं, जबकि ऐसा कुछ नहीं है। सब कुछ ठीक है। अगर बीजेपी मैदान में आएगी, तो हम भी तैयार हैं और उन्हें हराएंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.