MUZAFFARPUR

पटना में भारी बारिश, सभी स्कूल बंद, डूब गया रेलवे ट्रैक, घर बने ‘टापू’

पटना:इंद्रदेव मेहरबान हुए और पटना में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है. लोगों को गर्मी से तो राहत मिली है लेकिन बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. लगातार हो रही बारिश के बाद तमाम स्कूल बंद कर दिए गए हैं. पटना के कई इलाकों में पानी जमा हो गया है. घरों में भी पानी घुस जाने से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है.

पानी-पानी हुआ पटना

पटना में मध्यरात्रि से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने शहर को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. सोमवार सुबह होते-होते पटना के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति गंभीर हो गई, जिससे जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. राजधानी क्षेत्र के कई निजी स्कूल बंद कर दिए गए हैं. पटना जंक्शन के आस-पास का इलाका, अदालतगंज, किदवई पुरी, राजेंद्र नगर और कंकड़बाग जैसे क्षेत्रों में सड़कों पर घुटने भर पानी भर गया है.

अदालतगंज में घरों में घुसा पानी

सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में अदालतगंज शामिल है, जहां न केवल सड़कों पर बल्कि कई घरों के भीतर भी बारिश का पानी घुस गया है. स्थानीय निवासियों ने बताया कि रातभर तेज बारिश होती रही और सुबह होते-होते उनका घरेलू सामान भींग गया. लोगों को अपने फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बच्चों की किताबें ऊपर उठाकर रखने को मजबूर होना पड़ा.

पटना जंक्शन पर ट्रैक डूबा

पटना जंक्शन के समीप जलजमाव के कारण रेल यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. स्टेशन के बाहर ऑटो और टैक्सी सेवा प्रभावित रही और यात्री घंटों पानी में खड़े रहकर वाहन का इंतजार करते रहे हैं. कई ट्रैक पर भी पानी चढ़ गया है, जिसके कारण रेलवे का परिचालन प्रभावित हो रहा है.

अलर्ट पर नगर निगम

शहर में बढ़ते जलजमाव को देखते हुए पटना नगर निगम की टीमें सक्रिय हो गई हैं. नालों की सफाई, पंपिंग सेट की व्यवस्था और राहत केंद्रों की स्थापना का कार्य जारी है. पंपिंग सेट से जल भराव वाले क्षेत्र से पानी निकाला जा रहा है और सफाई कर्मी मुस्तरी से लगे हुए हैं. आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया जा रहा है और विशेष निगरानी रखने को कहा गया है.

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने आज बिहार में पटना सहित कई जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. विभाग के अनुसार मंगलवार को भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. इसके साथ ही गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने की भी खबर है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. पटना के अलावा मुजफ्फरपुर, सारण, वैशाली, बक्सर, भोजपुर और गया में भी मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है.

जनजीवन पूरी तरह प्रभावित

शहर के अधिकांश इलाकों में सड़कों पर जलजमाव होने के कारण वाहन रफ्तार खो चुके हैं. कई जगह दोपहिया वाहन बंद पड़े हैं. ऑफिस जाने वाले कर्मचारी को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं

मौसम विभाग के अनुसार पटना में अगले 3-4 दिनों तक बादल छाए रहने और समय-समय पर तेज बारिश की संभावना बनी हुई है. सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

प्रशासन ने की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जलजमाव वाले इलाकों से दूर रहें, बिजली के उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखें और मौसम विभाग की तरफ से जारी की जा रही चेतावनियों पर लगातार नजर बनाए रखें.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.