पटना: बिहार की राजनीति में शनिवार को एक नया पोस्टर सुर्खियों में है, जिसमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को जदयू कार्यकर्ताओं द्वारा राजनीति में लाने की मांग की गई है. राजधानी पटना के वीर चंद पटेल पथ स्थित जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रदेश कार्यालय के बाहर एक नया पोस्टर लगा हुआ है.

निशांत के लिए लगा पोस्टर
इस पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में लाकर चुनाव लड़ाने की मांग की गई है. पोस्टर में साफ शब्दों में लिखा गया है – “कार्यकर्ताओं की मांग, चुनाव लड़े निशांत”. इस पोस्ट ने बिहार की राजनीति में सुबह से ही नई हलचल मचा दी है.

JDU कार्यकर्ताओं ने लगाया है पोस्टर
यह पोस्टर जदयू के चार स्थानीय कार्यकर्ताओं, सुशील कुमार, अभय पटेल, वरुण कुमार और चंदन पटेल की ओर से लगाया गया है. कार्यकर्ताओं ने बताया कि पार्टी और राज्य को एक नई ऊर्जा की आवश्यकता है, और उनका मानना है कि निशांत कुमार में अपने पिता की तरह नेतृत्व क्षमता है. राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि पोस्टर में निशांत कुमार की तस्वीर के साथ यह संदेश भी है कि पार्टी को नई पीढ़ी का नेतृत्व सौंपने का समय आ गया है.









Leave a Reply