MUZAFFARPUR

‘नहीं न झुक रहा है जी..’ पांचों मिलकर भी नहीं झुका पाए तेजस्वी का पलड़ा! लालू का ‘तराजू वार’

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर हमलावर हैं. इन दिनों सोशल मीडिया में एआई का सहारा खूब लिया जा रहा है. वहीं सदन के मानसून सत्र की कार्यवाही के दौरान तेजस्वी यादव को बार-बार उनके माता-पिता के कार्यकाल की एनडीए ने याद दिलायी. ऐसे में अब आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्टर शेयर कर खलबली मचा दी है. इस पोस्टर में तेजस्वी यादव के 17 महीने के कार्यकाल को एनडीए पर भारी दिखाया गया है.

तेजस्वी एनडीए के नेताओं पर भारी!

लालू यादव ने अपने पोस्ट में लिखा है कि अपनी विनम्रता, सौम्यता, शालीनता, मधुरता, तार्किकता, वाकपटुता, संघर्षशीलता, रचनात्मकता, कुशलता, कुशाग्रता और एकाग्रता से अकेले तेजस्वी ने बिहार में इनके पसीने छुड़ा रखे हैं. इस पोस्टर के जरिए लालू यादव ने संदेश देने की कोशिश की है कि अकेले उनके बेटे और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव एनडीए के पांच दिग्गज नेताओं पर भारी पड़ रहे हैं.

SIR पर लालू का बड़ा हमला

वहीं इस पोस्ट से कुछ घंटे पहले भी लालू ने एक फोटो शेयर की थी, जिसमें उन्होंने SIR को लेकर सवाल उठाए हैं. इस पोस्ट में नीतीश और पीएम मोदी नजर आ रहे हैं. साथ ही संविधान को भी दर्शाया गया है. इसमें लिखा है कि मतदाता सरकार चुनेंगे. वहीं पीएम मोदी को कहते दिखाया गया है कि सरकार मतदाता चुनेगी. लालू ने इसमें लिखा है कि लोकतंत्र के हत्यारे अब अपनी पसंद के वोटर चुन कर बाबा साहेब के संविधान को समाप्त करना चाहते हैं.

तेजस्वी का दमदार अंदाज

इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि बिहार विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही के दौरान तेजस्वी यादव का बेबाक अंदाज देखने को मिला. उन्होंने बेहतर तरीके से नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाते हुए महागठबंधन के सभी नेताओं को अपने भरोसे में रखा और हंगामा और विरोध का सिलसिला थमने नहीं दिया. इस दौरान सदन में कई बार उनकी और नीतीश कुमार की नोकझोंक भी हुई.

तेजस्वी का 17 महीने का कार्यकाल

आरजेडी लगातार तेजस्वी यादव के 17 महीने के कार्यकाल को भुनाने में लगी है. नीतीश के साथ 17 महीने तक महागठबंधन की सरकार में कई फैसले लिए गए. पार्टी उन तमाम फैसलों खासकर रोजगार को तेजस्वी की उपलब्धि बताने में लगी है. इससे पहले भी पटना में आरजेडी ऑफिस के बाहर पोस्टर लगाकर तेजस्वी के कार्यकाल की याद दिलायी जा चुकी है. पार्टी उसी के सहारे जनता से अगले पांच साल का भरोसा मांगने में लगी है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.