मुजफ्फरपुर : हाजीपुर-मुजफ्फरपुर बायपास पर अगले सप्ताह से वाहनों का आवागमन चालू हो जाएगा। इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों ने तैयारी पूरी कर ली है। फिलहाल, बायपास के पूर्वी हिस्से वाले दो लेन को ही यातायात के लिए चालू करने की योजना है। वहीं, अगस्त के अंतिम सप्ताह में चारों लेन से बायपास पर आवागमन शुरू हो जाएगा। इसके चालू हो जाने से अब बिना जाम में फंसे उत्तर बिहार के जिलों से राजधानी पटना तक आना-जाना आसान हो जाएगा।

एनएचएआई के पटना प्रमंडल के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार ने बताया कि पूर्वी साइड में सड़क के कालीकरण से लेकर शेष काम पूरा किया जा चुका है। अब केवल कपरपूरा रेलवे गुमटी पर बने रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के शटरिंग हटाने का काम बाकी है। ब्लॉक मिलते ही कपरपूरा गुमटी पर बने आरओबी का शटरिंग खोला जाएगा।

इसके साथ ही आम यातायात के लिए पूर्वी साइड की दो लेन को पूरी तरह से खोल दिया जाएगा। वहीं, आरओबी के पश्चिमी साइड की शेष दो लेन का काम तेज गति से किया जा रहा है। अगस्त के तीसरे सप्ताह में शटरिंग हटाकर उसे भी लोगों के सामान्य यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 17 किलोमीटर लंबे इस बायपास में कुछ जगहों पर साइड फ्लैंक के धंसने की जानकारी मिलने पर उनकी मरम्मत करा दी गई है। कंक्रीट से उन जगहों की ढलाई कर वहां की समस्या को समाप्त कर दिया गया है। इसके अलावा दो गाड़ियों से लगातार पूरे बायपास की निगरानी कराई जा रही है। ताकि, कहीं और भी रेन कट के कारण मिट्टी धंसी हो तो उसको भरकर मरम्मत कराई जा सके।

डेढ़ दशक में पूरा हुआ काम, 216 करोड़ की लागत आई
गौरतलब है कि 216 करोड़ रुपये की लागत से इस बायपास का निर्माण पिछले डेढ़ दशक से कराया जा रहा था। कभी मुआवजा को लेकर भू अधिग्रहण तो कभी किसी और कारण से इसका निर्माण लटकता आ रहा था। आखिरकार पटना हाई कोर्ट के आदेश पर इसका निर्माण एक बार फिर 2023 में शुरू कराया गया। इस बीच तीन बार निर्माण की समय सीमा बढ़ाने के बाद अब काम पूरा होने के कगार पर है।







Leave a Reply