पटना: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार रात को अचानक पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर उन्होंने त्यागपत्र दिया है. इसके साथ ही अब अगले उपराष्ट्रपति के लिए चर्चा शुरू हो गई है. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम की भी चर्चा जोरों पर है. बीजेपी नेताओं की ओर से भी उनका नाम लिया जा रहा है. हालांकि उनका कहना है कि फैसला केंद्र को करना है लेकिन अगर ऐसा होता है तो बिहार के लिए खुशी की बात होगी.

केंद्र का फैसला मंजूर होगा
वहीं, वरिष्ठ बीजेपी नेता और मंत्री प्रेम कुमार ने भी नीतीश कुमार की तरफदारी करते हुए कहा कि फैसला तो केंद्र को करना है लेकिन अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार या किसी भी बिहार के व्यक्ति को उपराष्ट्रपति बनाया जाता है तो हमलोगों को काफी खुशी की बात होगी.

बिहार के लिए सौभाग्य की बात
अपने बयानों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहने वाले बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और विधायक हरिभूषण ठाकुर ‘बचौल’ ने भी नीतीश कुमार के नाम का समर्थन किया. हालांकि उन्होंने भी कहा कि इस पर तो फैसला केंद्र को करना है. उन्होंने कहा, ‘अब ये तो मेरे वश की बात नहीं है लेकिन अगर बन जाए तो अच्छा होगा. बिहार के लिए सौभाग्य की बात होगी.’

जेडीयू ने चर्चा को बताया अफवाह
हालांकि नीतीश कुमार के करीबी और जेडीयू कोटे से मंत्री श्रवण कुमार ने ऐसी चर्चा को महज अफवाह करार दिया. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार 2025 में भी बिहार की जनता का खिदमत करेंगे. उनके नेतृत्व में ही 225 सीट जीतकर एनडीए फिर से सरकार बनाएगा. ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि 20 साल में मुख्यमंत्री ने जिस प्रकार से बिहार में विकास किया है और बिहार को शांति के रास्ते पर ले जाने का काम किया है, अब बिहारी का कहलाना अपमान नहीं स्वाभिमान बनाया है.

बीजेपी विधायक की मांग पर क्या बोले?
वहीं, बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर ‘बचौल’ के बयान पर उन्होंने कहा कि ये उनकी व्यक्तिगत राय है लेकिन बिहार की आम-अवाम की राय है कि नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बने रहें.

नीतीश के नाम की चर्चा क्यों?
असल में जब से नीतीश कुमार जनवरी 2024 में इंडिया गठबंधन से एनडीए में वापस आए हैं तो तब से इस बात की चर्चा है कि 2025 में चुनाव जीतने के बाद बीजेपी उनको सीएम नहीं बनाएगी. अभी तक न तो पीएम मोदी और न ही गृहमंत्री अमित शाह ने उनको सीएम उम्मीदवार बताया है. शाह ने ये जरूर कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चुनाव लड़गें. ऐसे में माना जा रहा है कि उनको सम्मानजनक विदाई देते हुए दिल्ली भेज दिया जाए.





Leave a Reply