बिहार : सावन के महीने में भी बिहार में झमाझम बारिश नहीं हो रही है। इसस वजह से गर्मी चरम पर है। हालांकि कुछ जिलों में कहीं, कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। राज्य के अधिकांश जिलों में आसमान में बादल देखे जा रहे हैं। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को पटना समेत कम से कम छह जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है तो मुजफ्फरपुर और गोपालगंज में ऑरेंज अलर्ट है। कहीं मेघगर्जन की भी संभावना जताई गई है।

आज भी भारी बारिश के आसार नहीं हैं। जिन जिलों में येलो अलर्ट का ऐलान किया गया है उनमें पटना, भोजपुर, अरवल, पूर्वी चंपारण, सारण, सीतामढ़ी और शिवहर शामिल हैं। येलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की या मध्यम स्तर की वर्षा की संभावना है। आज पूरे दिन बिहार में मानसून कमजोर रहेगा। इस बीच भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सीतामढ़ी, अररिया और जमुई में मध्यम स्तर की वर्षा के साथ मेघ गर्जन एवं वज्रपात की संभावना बन सकती है। लोगों को सावधान किया गया है।

इसके साथ ही दक्षिण बिहार के अन्य जिलों में कुछ-कुछ जगहों पर वर्षा की संभावना बन रही है। लेकिन, किसी भी जिले में भारी वर्षा की चेतावनी नहीं है। मुजफ्फपुर में एक दिन में छह डिग्री की कमी के बाद सोमवार को फिर से अधिकतम तापमान चार डिग्री तक चढ़ गया। तीन दिनों से स्थिर न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक की कमी आई। बढ़ोतरी के बाद अधिकतम तापमान फिर से 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों ने उसके बाद हल्की बारिश होने के आसार जताए हैं।

पूसा स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने कहा कि अगले दो दिनों में तापमान बढ़कर 38 डिग्री तक जा सकता है। हवा में नमी की मात्रा भी 75 प्रतिशत या अधिक बनी रह सकती है। इस कारण गर्मी के साथ ही उमस से भी लोगों को परेशानी होगी। इस दौरान हवा का रूख बार-बार बदल सकता है।

इधर भागलपुर में मंगलवार को एक दो स्थानों पर बारिश की संभावना है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन सोमवार को इसमें सात डिग्री की वृद्धि देखी गई। अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया।






Leave a Reply