MUZAFFARPUR

‘अगर विधानसभा में SIR पर चर्चा नहीं हुई तो आने वाले समय में..’ सरकार को तेजस्वी की चेतावनी

बिहार : बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आगाज हंगामादार रहा। एसआईआर पर चर्चा को लेकर पूरा विपक्ष अड़ा रहा। मतदाता पुनरीक्षण में लोगों का नाम मतदाता सूची से काटने का आरोप लगाया। बैनर-पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किया है। जिसके बाद विधानसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित हो गई। जिसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन के विधायक दलों की अहम बैठक विधानसभा के परिसर में हुई। जिसमें सत्र को लेकर विपक्ष की रणनीति बनी।

बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि विधानसभा में वोटर लिस्ट के मुद्दे पर हर हाल में चर्चा कराई जाए, नहीं तो इसके गंभीर नतीजे होंगे। आज से सत्र शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि महागठबंधन के प्रतिनिधियों ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर स्पष्ट रूप से कहा है कि वोटर लिस्ट से नाम कटने की साजिश पर चर्चा कराना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विधानसभा में इस विषय को नजरअंदाज किया गया तो इसका राजनीतिक और लोकतांत्रिक जवाब दिया जाएगा।

आपको बता दें इससे पहले वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर तेजस्वी यादव ने देश के 35 बड़े नेताओं को पत्र भी लिखा था। जिसमें उन्होने कहा था कि बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण का तमाशा और त्रासदी बड़े पैमाने पर मताधिकार से वंचित करके लोकतंत्र की नींव हिला रही है।

यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि कैसे भारतीय चुनाव आयोग जैसी ‘स्वतंत्र संस्था’ हमारी चुनावी प्रक्रिया की अखंडता में जनता के विश्वास को खत्म करने पर अड़ी हुई है। लाखों मतदाताओं को, बिना किसी गलती के, अधिकारहीन और अपमानित किया जा रहा है। हम सब मिलकर इस प्रक्रिया का तब तक विरोध करेंगे जब तक यह पारदर्शी एवं समावेशी ना हो।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.