MUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर के “जाग्रत शिवधाम में दिव्य गंगा आह्वान और कांवरिया अभिनंदन महाआरती” का हुआ भव्य आयोजन

मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर स्थित जाग्रत शिवधाम बाबा गरीबनाथ मंदिर के मुख्य द्वार पर रविवार संध्या को गंगा आह्वान एवं कांवरिया अभिनंदन महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व मंदिर के संस्थापक न्यासी डॉ. संजय पंकज ने किया, जिसमें श्रद्धा, भक्ति और संस्कृति की त्रिवेणी बहती नजर आई।असंख्य दीपों की रौशनी, शंख, घड़ी, घंटा और जयकारों की गूंज ने वातावरण को आध्यात्मिक दिव्यता से भर दिया। बाबा गरीबनाथ की जयजयकार पूरे मंदिर परिसर में गूंजती रही।

प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक की अगुवाई में महाआरती संपन्न हुई, जिसमें अमरनाथ पाठक, अभिषेक पाठक, शिबू पाठक, सन्नी पाठक, निशन्त् संतोष पाठक, चंदन झा, राघव ठाकुर, आशुतोष पाठक, और अन्य पूजारीगण एवं न्यासीगण शामिल रहे। साथ ही डॉ. एच.एन. भारद्वाज, प्रेमभूषण जी और मनोज जी ने भी अद्भुत आरती प्रस्तुत की।

डॉ. संजय पंकज ने श्रद्धालुओं को किया संबोधित 

“लंबी और कठिन यात्रा कर गंगाजल लेकर आनेवाले कांवरियों का अभिनंदन हम मां गंगा के आह्वान के साथ करते हैं। गंगा देवनदी हैं, और शिव हमारे सनातन धर्म के कल्याणकारी परमात्मा। सावन के प्रत्येक रविवार को इसी प्रकार की आरती का आयोजन होगा।” उन्होंने आगे कहा कि आरती की अग्नि शिखा, शंख की ध्वनि, घड़ी घंट की गूंज और श्रद्धालुओं के सामूहिक जयकारे, पूरे वातावरण को पवित्र ऊर्जा से भर देते हैं।

यह आयोजन न केवल भक्तों के लिए अध्यात्म का अनुभव बना, बल्कि आनेवाले कांवरियों के लिए स्वागत एवं सम्मान का प्रतीक भी रहा। गरीबनाथ धाम में इस दिव्यता के साक्षी बनने वाले सभी श्रद्धालु पुण्यकर्म के भागीदार बने।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.