बिहार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार के मोतिहारी में शुक्रवार को हुई जनसभा के दौरान काले झंडे दिखाए गए थे। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में भी लिया था, उनसे पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में चीनी मिल नहीं खोले जाने के विरोध में युवकों ने पीएम की सभा के दौरान काले झंडे लहराए। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर पीएम को काले झंडे दिखाए जाने का दावा किया है।

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय ने शुक्रवार को कहा कि हिरासत में लिए गए तीनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। प्रधानमंत्री की रैली में तीनों लोग काले कपड़ों के टुकड़े लेकर पहुंचे थे। इसके पीछे उनकी क्या मंशा थी, उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि काले झंडे दिखाकर तीनों लोग क्षेत्र में बंद पड़े चीनी उद्योग की ओर ध्यान खींचने की कोशिश कर रहे थे। मोतिहारी सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवकों का नाम जितेंद्र तिवारी, विक्रांत गौतम और रविकांत रवि है। तीनों जिले के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

तेजस्वी ने दिखाया वीडियो
पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने शुक्रवार रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया। इसमें दो लोग पोल पर चढ़कर हाथ में काले झंडे लहराते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यह पीएम की मोतिहारी रैली का वीडियो है। यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।







Leave a Reply