MUZAFFARPUR

बिहार में आज होगी झमाझम बारिश या उमस करेगी परेशान? जानिए मौसम विभाग की हैरान कर देने वाली चेतावनी

बिहार में मानसून की सक्रियता फिलहाल कमजोर बनी हुई है। जिससे लोगों को भीषण उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राज्य के किसी भी जिले में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। दिनभर तापमान और नमी का स्तर अधिक रहने से मौसम असहज और परेशान करने वाला रहेगा। पिछले 24 घंटे में पटना समेत दक्षिण बिहार के कई इलाकों में बादलों और धूप की आंख-मिचौली देखने को मिली। वातावरण में अधिक नमी के कारण लोगों ने तीव्र उमस महसूस की। 17 जुलाई को राज्य में औसतन 9.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

20 जुलाई से बढ़ेगी बारिश की उम्मीद

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, फिलहाल बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त पुरवा हवा के प्रभाव के बावजूद कोई मजबूत मानसूनी सिस्टम सक्रिय नहीं है। न ही ट्रफ लाइन और न ही कोई कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है। हालांकि, 20 जुलाई से बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है। जिसका असर बिहार के मौसम पर पड़ेगा। इसके बाद राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।

पटना में आज भी गर्मी और उमस का प्रकोप

राजधानी पटना में शनिवार को मौसम गर्म और उमस भरा बना रहेगा। अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री ज्यादा रह सकता है। बादलों की मौजूदगी के बावजूद बारिश की संभावना कम है। हवा की गति 8-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रह सकती है और वातावरण में नमी का स्तर 75 प्रतिशत से अधिक रहने का अनुमान है।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इससे गर्मी और उमस की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद तापमान में थोड़ी गिरावट संभावित है। न्यूनतम तापमान में भी 1 से 3 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है, जिससे रातें भी गर्म बनी रहेंगी।

17 जुलाई को इन जिलों में हुई अच्छी बारिश

बिहार में 17 जुलाई को कुछ जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। शेखपुरा में सबसे अधिक 92.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, वहीं पटना में 92.2 मिमी, नवादा में 64.2 मिमी, नालंदा में 50.6 मिमी और वैशाली में 45.4 मिमी वर्षा हुई।

मानसून में अब तक 42% कम बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक मानसून सीजन में राज्य में 317.9 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन केवल 217.2 मिमी वर्षा ही दर्ज की गई है। यानी अब तक 42 प्रतिशत कम बारिश हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अगले 10-15 दिनों में मानसून सक्रिय नहीं हुआ तो खेती पर बड़ा असर पड़ सकता है। खासकर धान की रोपनी और खरीफ फसलों के लिए जुलाई का तीसरा और चौथा सप्ताह अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.