पटना : विधानसभा चुनाव से पहले बिहार की सियासत में दल बदल का सिलसिला तेज हो गया है. कुछ नेता नई पार्टी में शामिल हो रहे हैं, तो कुछ पुराने दलों से नाता तोड़ रहे हैं. इसी क्रम में जदयू के पूर्व एमएलसी विनोद कुमार सिंह ने जदयू की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है.

कई बार बदल चुके हैं दल
यह पहला मौका नहीं है जब विनोद सिंह ने पार्टी छोड़ी है. इससे पहले भी उन्होंने जदयू छोड़कर लोजपा का दामन थामा था, लेकिन वर्ष 2021 में दोबारा जदयू में लौट आए थे. अब एक बार फिर उन्होंने जदयू से नाता तोड़ लिया है.

नीतीश कुमार को लिखा त्यागपत्र
विनोद कुमार सिंह ने पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा करते हुए अपना त्यागपत्र मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को भेजा है. पत्र में उन्होंने लिखा है कि वे ‘‘नीतीश कुमार के उच्च नैतिक मूल्यों और सर्वजन हित की विचारधारा से प्रभावित होकर जदयू में शामिल हुए थे. पार्टी की शून्य से शिखर तक की यात्रा में वे साथ रहे और मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से विधान परिषद सदस्य भी बने. संगठन में पद भी मिला.”

कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से दुखी
उन्होंने लिखा कि ”वर्तमान में जदयू अपनी घोषित नीतियों पर नहीं चल रही है और अब समर्पित कार्यकर्ताओं की पार्टी में कोई अहमियत नहीं रह गई है. ऐसे में पार्टी में बने रहना कठिन हो गया है.” हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जदयू से अलग होने के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति उनके मन में सम्मान और आदर बना रहेगा.

मिथिलांचल में जदयू को झटका
नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले विनोद कुमार सिंह के इस्तीफे को मिथिलांचल में जदयू के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है. वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में उनके चुनाव लड़ने की अटकलें भी तेज थीं. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वे किस दल का दामन थामते हैं.






Leave a Reply