MUZAFFARPUR

बिहार से युवाओं का पलायन कब रुकेगा? दौरे से पहले पीएम मोदी से प्रशांत किशोर का तीखा सवाल

बिहार : जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर शुक्रवार को बिहार बदलाव यात्रा के दौरान बांका के अमरपुर और जमुई के झाझा में जनसभा करने पहुंचे। बांका के अमरपुर में जनसभा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने पीएम मोदी के बिहार दौरे पर तंज करते हुए तीखा सवाल पूछ लिया।

शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी के मोतिहारी आगमन को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि वो चौथी बार बिहार आ रहे हैं। मैं लगातार कह रहा हूं कि मोदी जी को यह बताना चाहिए कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था कब सुधरेगी, युवाओं का पलायन कब रुकेगा? बिहार में फैक्ट्री कब लगेगी ताकि हमारे बच्चों को गुजरात न जाना पड़े। हमें रेल या सड़क नहीं चाहिए, वो हमलोग खुद कर लेंगे।

इससे पहले प्रशांत किशोर ने आज बांका और जमुई की जनसभाओं में मौजूद लोगों से कहा कि इस बार अपने बच्चों का चेहरा देखकर वोट कीजिए। अपने बच्चों की चिंता करना लालू प्रसाद से सीखिए। लालू प्रसाद का बेटा 9वीं पास भी नहीं किया है, फिर भी वह चाहते हैं कि उनका बेटा राजा बने और दूसरी तरफ बिहार के लोग जिनके बच्चे मैट्रिक, बी.ए. (B.A), एम.ए. (M.A) कर चुके हैं, फिर भी उन्हें नौकरी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस साल बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी। छठ के बाद बांका के युवाओं को 10-12 हजार रुपये की मजदूरी करने के लिए अपना घर-परिवार छोड़कर नहीं जाना पड़ेगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.