MUZAFFARPUR

बिहार में बाढ़ से तबाही! उफान पर फल्गु, गंगा और सोन, डराने लगी हैं तस्वीरें

पटना: बिहार में दो दिनों से हो रही बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. वाटर लेवल बढ़ने से लोगों को अभी से बाढ़ के खतरे की आशंका सताने लगी है. जलस्तर बढ़ने से नदियों का पानी विभिन्न जिलों के कई गांवों को अपनी चपेट में ले रहा है. बिहार के कौन-कौन से जिलों में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, विस्तार से जानें.

Bihar flood

जहानाबाद में उफान पर फल्गु

जहानाबाद में बारिश से विकट स्थिति बन गई है. फल्गु नदी उफनाई हुई है, जिसके कारण कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है. वहीं दो स्थानों पर तटबंध भी टूट गया है. मोदनगंज ,घोसी प्रखंड के कई गांव में पानी घुस गया है. वहीं भारथु गांव में मत्स्य पालन करने वालों को बड़ा नुकसान हुआ है. तालाब से सभी मछली पानी में बह गयी. ‌जहानाबाद-बिहारशरीफ हाइवे पर पानी चढ़ गया है. इस कारण नेशनल हाइवे 33 पर यातायात बंद हो गया है.

गयाजी में बारिश बनी आफत

 गयाजी में बारिश आफत बनी है. कहीं पुलिया टूट गई है तो कहीं सड़क कट गई है. दर्जन भर लोग बाढ़ की चपेट में आते-आते बाल-बाल बचे हैं. बारिश की स्थिति थोड़ी थमी है, लेकिन झारखंड की ओर से गयाजी की नदियों में पानी आने का सिलसिला जारी है. वहीं, रुक-रुक कर हो रही बारिश ने हजारों ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है. इस स्थिति को देखते हुए कई जगहों पर लोगों के रहने के लिए कैंप बनाए जा रहे हैं.

बोधगया में घरों में घुसा पानी

बोधगया प्रखंड अंतर्गत बसाढी पंचायत और मोराटाल पंचायत में बारिश के पानी के कारण सैकड़ों ग्रामीण प्रभावित हुए हैं. इन क्षेत्रों में सिंचाई योग्य सैकड़ो एकड़ भूमि बर्बाद हुई है. इसमें फसल लगी थी, वह बेकार हो गई है. कई किसानों की पूंजी तक डूब गई है. बोधगया के बतसपुर गांव में पानी की धार के साथ सड़क कट गई, जिससे दर्जनों गांव का संपर्क पथ टूट गया है.

सड़क टूटने से लोग परेशान

बोधगया में बतसपुर में मुहाने नदी में बाढ़ आयी हुई है, वहीं सड़क भी कट गई है. यह सड़क बोधगया- गया को जोड़ती है. सड़क कटने से दर्जनों गांव के लोगों के लिए आवागमन बाधित हो गया है. उन्हें कई किलोमीटर दूर जाकर वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है.

‘बांध का पानी बना सिरदर्द’

वहीं, पूर्व उपमुखिया मनोरंजन समदर्शी बताते हैं कि बांध के कारण यह सब हो रहा है. पिछले 5 वर्षों से हम लोग तबाह हैं. इस बांध का अवलोकन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी किया था. यहां खेल मैदान भी एक तरह से बर्बाद हो गया है. बांध का पानी हमारे पंचायत के लिए सर दर्द हो जाता है.

बाढ़ के पानी के बीच फंसे लोग

शेरघाटी प्रखंड के महमदपुर में मोरहर नदी में आई बाढ़ से कई लोग फंस गए थे. हालांकि सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है. बताया जाता है, कि दर्जन भर लोगों को बाढ़ के पानी से बचाया गया. इसी प्रकार बुढ़िया नदी में आए बाढ़ से दर्जनों महादलित की झोपड़ियां बह गई हैं.

डीएम ने लिया जायजा

वही, झारखंड राज्य में अत्यधिक वर्षा के कारण गया जिले के शेरघाटी क्षेत्र की नदियां में उफान होने के कारण गोपालपुर, बलहट खुर्द गांव, कबरी गांव, पलक कला गांव, पलकिया गांव, समोद बीघा में बारिश का पानी नदी के सहारे इन गांव में प्रवेश कर गया है. यहां स्थिति का जायजा लेने खुद गया डीएम शशांक शुभंकर पहुंचे. डीएम ने गोपालपुर पंचायत का निरीक्षण किया, जहां नदी का पानी अचानक गांव में तेजी से प्रवेश करने से लगभग 70 घरों में पानी घुसा है.

बक्सर में गंगा का रौद्र रूप

बक्सर जिले की सीमा में प्रवेश करते ही गंगा नदी अपना रौद्र रूप दिखाने लगी है. जिले के पांच प्रखंड के सैकड़ों गांव पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. बक्सर में केंद्रीय जल आयोग के रिपोर्ट के मुताबिक गंगा नदी चेतावनी बिंदु के समीप पहुंच गई है. जिलाधिकारी डॉक्टर विद्यानन्द सिंह के साथ पुलिस कप्तान,शुभम आर्य पूरे लावलश्कर के साथ बुधवार को हालात का जायजा लेने शहर के राम रेखा घाट पहुंचे. इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए बताया कि हम पूरी तरह से तैयार है.

पानी-पानी हुआ वैशाली

वैशाली जिले के मुख्यालय हाजीपुर शहर में हुई बारिश के बाद पूरे शहर में पानी जमा हो गया है. गांधी चौक, अस्पताल रोड सहित कई सड़कों और मोहल्लों में बारिश का पानी जमा होने से लोगों परेशानियों का सामना करना पड़ा. गांधी चौक से अस्पताल रोड के बीच घुटने भर जमा है, जिससे वाहनों के साथ-साथ आम लोगों को पैदल आने-जाने में भी परेशानी हो रही है. सदर अस्पताल के इमरेजेंसी वार्ड के सामने बारिश का पानी जमा होने से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है.

सोन नदी में उफान

वहीं बारिश के कारण सोन नदी उफान पर है. पहाड़ पर हो रहे बारिश और रिहंद व बाणसागर से पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है जिस कारण लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं. रोहतास के कई इलाके खासकर निचले क्षेत्र वाले नौहट्टा, अमझोर, तिलौथू, डेहरी , दरीहट , नासरीगंज इलाकों में पानी तेजी से बढ़ रहा है. ऐसे में लोग बाढ़ के संभावित खतरे से सहमे है.

नवादा में बह गयी पुलिया

नवादा के रजौली प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धमनी और सवैयाटांड़ पंचायत को जोड़ने वाली एकमात्र धमनी-सवैयाटांड़ ग्रामीण पथ का एक पुलिया बारिश में सड़क के साथ बह गया, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण के समय संवेदक द्वारा बरती गई अनियमितता के कारण ही पांच वर्षों में पुलिया के साथ सड़क का कुछ हिस्सा बह गया है.

13 की जगह 80 किमी को सफर

 वहीं इस पुलिया के टूट जाने से सुदूरवर्ती सवैयाटांड़ पंचायत के हजारों लोगों को प्रखंड मुख्यालय आने-जाने के लिए 13 किलोमीटर के बजाय 80 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ेगा. पुलिया के टूट जाने से ग्रामीण काफी चिंतित दिखाई दे रहे हैं और पदाधिकारियों से पुलिया निर्माण की गुहार लगा रहे हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.