पटना: बिहार में सावन लगते ही मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. पटना शहर में बुधवार सुबह से मूसलाधार बारिश हो रही है. वहीं पटना मौसम विभाग ने बिहार के 20 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है. 5 जिलों में हेवी रेन का अलर्ट और बिजली गिरने की आशंका जताई है. साथ ही कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश हो सकती है. अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. जहां कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और ठनका गिरने का अनुमान भी जताया है.


15 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सामान्य से मध्यम बारिश की संभावना है. इसके अतिरिक्त, अरवल, गया, जमुई, शेखपुरा, नालंदा, पटना, जहानाबाद, नवादा, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, बांका, बेगूसराय, सारण, सिवान जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में अगले कुछ दिनों तक सामान्य से हल्की बारिश होने की संभावना है.

पटना में बारिश
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज दिन भर तेज बारिश के साथ थंडरस्टॉर्म और तेज हवाएं चलीं. गुरुवार को भी इसी तरह के मौसम की संभावना है, जिसमें वज्रपात और आंधी-तूफान की आशंका जताई जा रही है. विभाग ने लोगों को घर में रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.

किसानों के लिए उम्मीद की बारिश
जुलाई के पहले सप्ताह में राज्य के 34 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई थी. पटना में तो 56% वर्षा की कमी दर्ज की गई थी. हालांकि 15 जुलाई के बाद से लगातार हो रही बारिश ने इस कमी को काफी हद तक कम कर दिया है। इससे धान की खेती करने वाले किसानों को राहत मिली है क्योंकि खेतों में बिचड़ा लगा हुआ है और उन्हें भरपूर पानी की आवश्यकता थी.

गंगा का बढ़ता जलस्तर
लगातार बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है. दिघा घाट पर गंगा का जलस्तर 47.97 मीटर रिकॉर्ड किया गया है, जो खतरे के निशान 50.45 मीटर से अभी 2.48 मीटर नीचे है, हालांकि प्रशासन सतर्क है और नदी किनारे बसे इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

शहर में जलभराव, यातायात बाधित
तेज बारिश के कारण पटना शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. गांधी मैदान, इको पार्क, राजेंद्र नगर, कंकड़बाग, अशोक राजपथ और बेली रोड जैसे इलाकों में गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई है. पटना नगर निगम की टीम जल निकासी कार्य में जुटी हुई है और पंपिंग मशीनों से पानी निकाला जा रहा है.





Leave a Reply