MUZAFFARPUR

तेजस्वी के आवास पर बड़ी बैठक, साझा घोषणा-पत्र और पारस को लेकर हो सकता है बड़ा फैसला

पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में शनिवार यानी कि 12 जुलाई को इंडिया गठबंधन की पांचवी बैठक हो रही है. तेजस्वी यादव के सरकारी आवास एक पोलो रोड पर महागठबंधन की बैठक शुरू हो चुकी है. इस बैठक में घटक दलों के नेता आगामी साझा घोषणा-पत्र को अंतिम रूप देने को लेकर विचार-विमर्श कर सकते हैं.

महागठबंधन की बैठक

महागठबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती ऐसा घोषणा-पत्र तैयार करना है, जो सभी वर्गों और समुदायों को संतुष्ट कर सके. बैठक में गठबंधन के घटक दलों में और विस्तार को लेकर चर्चा होने की संभावना है. तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में हो रही बैठक में इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के 21 कोआर्डिनेशन कमेटी के जो सदस्य हैं, वह शामिल हो रहे हैं.

साझा घोषणा-पत्र पर विचार-विमर्श

सूत्रों के अनुसार साझा घोषणा-पत्र में आरजेडी और कांग्रेस के प्रमुख मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी. इनमें प्रत्यक्ष लाभ और नकदी हस्तांतरण की योजनाओं को खास महत्व मिलेगा, ताकि मतदाताओं को सीधे लाभ का भरोसा दिया जा सके. घोषणा-पत्र में शामिल संभावित वादों में माई बहिन मान योजना, सामाजिक पेंशन बढ़ाने, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और निषाद समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने जैसे वादे शामिल हैं.

सीट बंटवारे पर चर्चा

इंडिया गठबंधन की आज होने वाली बैठक में सीट बंटवारे को लेकर घटक दलों के बीच जिस तरीके से बयानबाजी हो रही है, उस पर भी चर्चा हो सकती है. क्योंकि कांग्रेस 70, मुकेश सहनी 60 और माले 40 सीटों की डिमांड कर चुकी है.

सीपीआई और सीपीएम भी लगभग दो दर्जन सीटों पर अपना दावा कर रही है. इस स्थिति में गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर पेंच फंसी हुई है. अब इंडिया गठबंधन में दो और सहयोगियों राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के भी शामिल होने पर गठबंधन का आकार भी बढ़ेगा और इन दलों को चुनाव में सीट भी देनी पड़ेगी तो इन तमाम मुद्दों पर चर्चा होगी.

कौन-कौन हैं बैठक में शामिल

आरजेडी से अब्दुल बारी सिद्दीकी, संजय यादव, आलोक मेहता और रणविजय साहू बैठक में शामिल हैं. वहीं कांग्रेस से कृष्ण अल्लावारु, राजेश राम, शकील अहमद खान और मदन मोहन झा सीपीआईएमएल से राजाराम सिंह, कुणाल और धीरेंद्र झा, CPM से ललन चौधरी, अजय कुमार और अवधेश कुमार, सीपीएम से रामनरेश पांडे, रामबाबू कुमार और अजय कुमार सिंह, VIP के मुकेश सहनी, बाल गोविंद बिंद और पप्पू चौहान आज की बैठक में शामिल हैं.

इंडिया गठबंधन के विस्तार पर चर्चा

इस बैठक में इंडिया गठबंधन में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी, एआईएमआईएम और झारखंड मुक्ति मोर्चा के शामिल होने को लेकर भी चर्चा होगी. राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस कई बार राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से मुलाकात हो चुके हैं.

पशुपति कुमार पारस को लेकर बड़ी घोषणा

स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती समारोह के दिन पशुपति कुमार पारस ने स्पष्ट रूप से कहा था कि बहुत जल्द वह इंडिया गठबंधन में शामिल होंगे और जल्द ही इसकी घोषणा होगी. आज की बैठक में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर घोषणा हो सकती है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.