MUZAFFARPUR

बिहार में शरिया लागू करना चाहते हैं तेजस्वी? ‘कूड़ेदान’ वाले बयान पर भड़की बीजेपी, बड़े नेता ने राजद को बताया ‘नामजवादी पार्टी’…

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। राजनीतिक दलों के नेता एक दूसरे पर हमलावर हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इसी कड़ी में रविवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ एक बड़ी रैली हुई।

इस रैली में राजद नेता तेजस्वी यादव ने ऐलान किया कि अगर उनकी सरकार बनी तो वह इस कानून को बिहार में लागू नहीं होने देंगे और इसे ‘कूड़ेदान में फेंक देंगे’। तेजस्वी यादव के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने सोमवार को कड़ी प्रतिक्रिया दी।

बीजेपी का बड़ा पलटवार 

दरअसल, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पटना के उसी गांधी मैदान में कल एक ऐसी रैली हुई, जहां कभी आपातकाल के दौरान संविधान की रक्षा के लिए लाखों लोग जुटे थे।

तेजस्वी यादव ने वहां खड़े होकर संसद द्वारा पारित कानून (वक्फ संशोधन कानून) को कूड़ेदान में फेंकने की बात कही। यह संसद और न्यायपालिका दोनों का अपमान है, क्योंकि यह कानून संसद के दोनों सदनों से पास हुआ है और कोर्ट में विचाराधीन भी है।

वोट बैंक की चाहत में संविधान का मजाक

त्रिवेदी ने तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि तेजस्वी यादव वोट बैंक की राजनीति के लिए संविधान को कूड़ेदान में फेंकने की मानसिकता से बाहर नहीं आ पा रहे हैं। कुरान में कहीं ‘वक्फ’ शब्द नहीं है। यह शब्द मुल्लाओं और मौलवियों द्वारा गढ़ा गया है।

इस्लाम में खर्च करना और दान करना सिखाया गया है, जमा करना नहीं। लेकिन तेजस्वी समाजवाद को छोड़कर ‘नमाजवाद’ को बढ़ावा देना चाहते हैं। यह बाबा साहब आंबेडकर के संविधान का मजाक उड़ाने जैसा है।

बिहार में शरिया लागू करना चाहते हैं तेजस्वी?

बीजेपी प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि क्या तेजस्वी यादव बिहार में शरिया लागू करना चाहते हैं? सीरिया, इराक, तुर्की, पाकिस्तान और सऊदी अरब में भी पूरी तरह शरिया लागू नहीं है। वक्फ विचार समाजवाद के खिलाफ है। तेजस्वी गरीब मुसलमानों के साथ नहीं, बल्कि उन कुछ लोगों के साथ खड़े हैं जो सारी संपत्तियों पर कब्जा करना चाहते हैं। त्रिवेदी ने कहा कि बीजेपी और एनडीए उन सभी ताकतों से लड़ेगी जो संविधान को कमजोर करने या उसका अपमान करने की कोशिश करेंगी।

तेजस्वी ने क्या कहा था?

बता दें कि, बीते दिन तेजस्वी यादव ने पटना गांधी मैदान से भी बड़ा ऐलान किया था। पटना के गांधी मैदान में रविवार को इमारत-ए-शरिया द्वारा आयोजित ‘वक्फ बचाओ-दस्तूर बचाओ’ विरोध प्रदर्शन को तेजस्वी यादव ने संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि, न केवल वक्फ संपत्तियों पर कब्जा करने की तैयारी है बल्कि मुसलमानों के साथ ही पिछड़ों और दलितों के मतदान अधिकार को भी छीनने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि, ये देश किसी के बाप का नहीं है। यह हम सबका हिंदुस्तान है। उन्होंने ऐलान किया कि अगर उनकी सरकार आती है तो वक्फ कानून को कूड़ेदान में डाल देंगे।

 

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.