दरभंगा: बिहार के दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के दिल्ली मोड़ स्थित कॉम्प्लेक्स में पुलिस ने दो अंतर जिला अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इनकी गिरफ्तारी के साथ ही पटना के एक नामी डॉक्टर से दो करोड़ रुपये रंगदारी मांगने के मामले का खुलासा हुआ है. दरभंगा पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दोनों को मौके से पकड़ा.

नामी डॉक्टर से रंगदारी की थी मांग
जानकारी के अनुसार पटना के फुलवारीशरीफ स्थित अस्पताल के एक डॉक्टर से तीन अपराधियों ने दो करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की थी. मामला सामने आने के बाद एसटीएफ ने दरभंगा पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दिल्ली मोड़ स्थित कॉम्प्लेक्स में स्थित एक ऑफिस में छापेमारी की गई.

तीसरा आरोपी फुलवारीशरीफ से गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान नूर मोहम्मद उर्फ लालबाबू (निवासी लहरियाचक, आलमपुर) और मो. फरहान (निवासी इशोपुर) के रूप में हुई है. दोनों ने पूछताछ में रंगदारी मांगने की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की है. उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी को फुलवारीशरीफ से गिरफ्तार किया गया है.

पिस्टल, कारतूस और नगद बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ढाई लाख रुपये नगद बरामद किए. गिरफ्तार दोनों आरोपी पटना जिले के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. इस कार्रवाई के बाद दरभंगा समेत पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है.

क्या कहती है पुलिस?
पुलिस का मानना है कि यह गिरोह कई जिलों में सक्रिय है और इसके तार संगठित अपराध से जुड़े हो सकते हैं. दरभंगा विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने कहा कि गुप्त जानकारी मिली की दिल्ली मोड़ के पास कुछ लोग पिस्टल के साथ घूम रहें थे.


फिर उच्च प्राधिकारी को सूचना देकर एक टीम बनाकर घेराबंदी कर छापेमारी की. यह गिरफ्तारी एक बड़ी सफलता है, जांच के बाद और भी खुलासे हो सकते हैं.




Leave a Reply