MUZAFFARPUR

पिता ने डीएम के दरबार पहुंचकर रद्द करवा दी बेटे की सरकारी नौकरी, जानें कारण

दरभंगा: बिहार के दरभंगा में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां सरकारी नौकरी के लोभ में एक बेटे ने अपने पिता के जीवित रहते हुए उनका मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया.

वह इस प्रमाण पत्र के आधार पर अनुकंपा पर नौकरी पाना चाहता था, लेकिन मंगलवार को जिला अनुकंपा समिति की बैठक के दौरान यह मामला उजागर हो गया.

नौकरी के लिए बाप को ही मार डाला!

बैठक में सामने आया कि एक जीवित कर्मचारी को उसके पुत्र ने मृत बताकर सरकारी नौकरी हासिल करने की कोशिश की, लेकिन जब मृत बताए कर्मचारी खुद जिला कार्यालय में उपस्थित हो गए, तो पूरे फर्जीवाड़े की पोल खुल गई. डीएम कौशल कुमार ने इस मामले में FIR दर्ज करने का आदेश दिया है.

बेटे और पत्नी पर FIR के आदेश

डीएम ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और अनुकंपा समिति की जांच रिपोर्ट की जांच के भी आदेश दिए हैं. इस फर्जी नियुक्ति में शामिल बेटे विकास कुमार यादव, उसकी मां शांति देवी और सभी दोषी कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं.

अनुकंपा पर नौकरी की सिफारिश

जानकारी के अनुसार पथ प्रमंडल दरभंगा के चतुर्थवर्गीय कर्मचारी विष्णु देव यादव को मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर मृत दिखाया गया. उनके बेटे विकास कुमार यादव ने इसी फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र का इस्तेमाल कर अनुकंपा के आधार पर नौकरी की सिफारिश करवा ली.

पिता ने किया बेटे का पर्दाफाश

30 मई को इस सिफारिश को जिला अनुकंपा समिति की ओर से पारित भी कर दिया गया था, लेकिन मंगलवार को हुई समिति की बैठक में सच्चाई सामने तब आई, जब कर्मचारी विष्णु देव यादव ने खुद जीवित अवस्था में उपस्थित होकर समिति के सदस्यों को यह बताया कि उनके नाम से उनके पुत्र ने उनका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर नौकरी के लिए आवेदन किया है.

इस बात की भनक लगते ही विभाग सहित पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. तत्काल विभाग ने इसकी जांच करते हुए सबसे पहले फर्जी नियुक्ति को रद्द कर दिया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.