पटना: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जब से बिहार को ‘छोटा-मोटा’ राज्य बोला है, तब से एनडीए के नेता उन पर हमलावर हैं. राज्यसभा सांसद और आरएलएम अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने इस कांग्रेस की बिहार के प्रति ओछी मानसिकता करार दिया है.

उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की पुरानी मानसिकता रही है. कांग्रेस के नेता बिहार जैसे राज्य को कुछ नहीं समझते है. एक बार फिर ऐसा बोलकर अपनी मानसिकता का प्रदर्शन किया है.

चुनाव में भगुतना पड़ेगा खामियाजा
पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार के बारे में कांग्रेस के लोग इस तरह की टिप्पणी करते हैं, अब बिहार बर्दाश्त नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे ने जिस तरह बिहार को छोटा राज्य बोला है, वह आपत्तिजनक है. ऐसी ओछी टिप्पणी के लिए कांग्रेस को चुनाव में खामियाजा भगुतना पड़ेगा.

खरगे ने क्या कहा था?
दरअसल, केंद्रीय बजट में बिहार को मिली सौगातों को अपर्याप्त बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बिहार जैसे छोटा-मोटा राज्य को बजट में कुछ खास नहीं दिया गया है. उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने बिहार की मांगों को नजरअंदाज किया है. अब इसी पर एनडीए के तमाम नेता आपत्ति जता रहे हैं और इसे बिहार का अपमान बता रहे हैं. डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने खरगे का वीडियो भी एक्स हैंडल पर शेयर किया है.


आरजेडी में कुशवाहा नेताओं की ज्वाइनिंग पर क्या बोले?
वहीं, रेणु कुशवाहा समेत कई कुशवाहा नेताओं के आरजेडी में शामिल होने पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव कुछ भी कह लें या कर लें, बिहार की जनता उन पर भरोसा नहीं करेगी.

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में राष्ट्रीय जनता दल जिस तरह से संलिप्त रहा है, वैसे में लोग तेजस्वी पर कभी भरोसा नहीं करेंगे.




Leave a Reply