मुजफ्फरपुर में जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष आयोजना क्षेत्र प्राधिकार, मुजफ्फरपुर सुब्रत कुमार सेन (भा॰प्र॰से॰) के निदेशनुसार तथा नगर आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, आयोजना क्षेत्र प्राधिकार, मुजफ्फरपुर विक्रम विरकर (भा॰प्र॰से॰) की अगुवाई में मास्टर प्लान की तैयारी से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में आद्या कुँअर एवं निशात अफशॉ, नोडल पदाधिकारी आयोजना क्षेत्र प्राधिकार, TCPO पटना से नामित ATPS अपर्णा कुमारी एवं रोहित आनंद तथा अन्य संबद्ध विभागों के पदाधिकारीगण के साथ नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार पटना के द्वारा GIS आधारित मास्टर प्लान निर्माण हेतु चयनित एजेंसी टेकमेक इंटरनेशनल प्रा॰ लि॰ के निदेशक हरजीत सिंह उपस्थित रहे।


बैठक का उद्देश्य शहर के सतत एवं समावेशी विकास हेतु एक व्यवहारिक, डेटा आधारित एवं दीर्घकालिक मास्टर प्लान तैयार करना था। इस योजना के तहत मधोपुर सुस्ता, कांटी एवं मुजफ्फरपुर शहरी क्षेत्र को सम्मिलित करते हुए समग्र रूप से विकास योजना तैयार की जा रही है।


इस मास्टर प्लान के माध्यम से अगले 20 वर्षों तक शहरी तथा आसपास के अर्ध-शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास को दृष्टिगत रखते हुए सड़कों, जल निकासी, भवन निर्माण, पर्यावरणीय संतुलन, आवासीय एवं व्यवसायिक क्षेत्र के उपयोग को वैज्ञानिक ढंग से परिभाषित किया जाएगा।

मास्टर प्लान निर्माण के लिए यह भी आवश्यक बताया गया कि सभी विभागों की भूमि (जिनका क्षेत्र मास्टर प्लान में आता है) का खाता एवं खेसरा रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से संकलित किया जाए।

इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि कोई ज़मीन किस विभाग की है, जिससे भूमि उपयोग नियोजन में पारदर्शिता तथा गति आ सके।


इस संबंध में नगर आयुक्त द्वारा संबंधित विभागों को शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया तथा नोडल पदाधिकारी को सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके योजनाओं से संबंधित बैठक करने के लिए भी निदेशित किया गया।





Leave a Reply