BIHARMUZAFFARPURSTATE

राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी पर बने रहेंगे लालू यादव! आज नामांकन दाखिल करेंगे RJD सुप्रीमो

पटना: राजद का राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा? जगदानंद सिंह या फिर लालू यादव कुर्सी पर बने रहेंगे. इन तमाम अटकलों के बाद लालू यादव पद के चुनाव के लिए फिर से नामांकन करने जा रहे हैं. 23 जून को लालू यादव राजद राष्ट्रीय अध्यक्ष 2025-28 के लिए नामांकन पत्र दाखिल करेंगे.

नामांकन पत्र दाखिल करने का समय 10 बजे से 2 बजे तक का निर्धारित किया गया है. राजद के सहायक राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन ने बताया कि राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी डॉ रामचन्द्र पूर्वे द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन हेतु कार्यक्रम अधिसूचित जारी की गयी थी.

24 जून को नामांकन पत्र की जांच

24 जून को 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्र की जांच की जाएगी. दोपहर 1 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन वापसी का समय निर्धारित है. 24 जून को ही शाम 4 बजे प्रत्याशियों के नाम प्रकाशित कर दिया जाएगा.

4 जुलाई को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

4 जूलाई 2025 को निवर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर सभागार होटल मौर्या, पटना में होगी. बैठक में राष्ट्रीय परिषद में पेश होने वाले प्रस्तावों पर चर्चा होगी.

बैठक में लालू प्रसाद यादव, नेता विरोधी दल तेजस्वी प्रसाद यादव, प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी, सांसद मीसा भारती, मनोज झा, संजय यादव, अभय कुशवाहा, अब्दुल बारी सिद्दीकी सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल होंगे.

5 जुलाई को आरजेडी का खुला अधिवेशन

5 जूलाई 2025 को पटना के बापू सभागार में राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी डॉ रामचन्द्र पूर्वे की अध्यक्षता में राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी. इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा. उसी दिन बापू सभागार में ही दोपहर 1 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नवनिर्वाचित अध्यक्ष की अध्यक्षता में पार्टी का खुला अधिवेशन होगा.

क्या लालू प्रसाद बनेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष?

राजद के प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने स्पष्ट कर दिया है कि लालू प्रसाद राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और आगे भी रहेंगे. उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी चाहती है कि लालू प्रसाद यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहें और वह बने रहेंगे.

लालू प्रसाद के खराब स्वास्थ्य के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह एक कारण है लेकिन उससे कोई फर्क नहीं पड़ता है. काम अभी भी हो रहा है. जगदानंद सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी पर उन्होंने कहा कि यह तो पार्टी का मामला है, लेकिन जगदानंद सिंह हम लोग के सुख दुख के साथी हैं. पार्टी इस पर फैसला करेगी.

निर्विरोध निर्वाचित होंगे लालू’

वरिष्ठ पत्रकार इंद्रभूषण का कहना है कि आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर फिर से लालू प्रसाद निर्विरोध चुने जाएंगे.

5 जुलाई 1997 को आरजेडी का गठन हुआ है. तब से लालू प्रसाद लगातार 28 वर्षों से राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं. आज वे फिर से अध्यक्ष पद के लिए अकेले नामांकन पत्र दाखिल करेंगे.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.