गया: बिहार के गयाजी में मंगलवार की रात से ही रुक-रुककर मगर मूसलाधार बारिश हो रही है. इस बारिश के कारण नगर निगम समेत कई विभागों की तैयारी की पोल खुल गई है. सबसे ज्यादा फजीहत गया जिले के सबसे बड़े अस्पताल अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल को झेलनी पड़ी.

ANMMCH में भारी जलजमाव
अस्पताल के ओपीडी से लेकर वार्ड तक पानी घुस गया, जिससे अस्पताल कर्मियों समेत मरीजों और उनके परिजनों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा. किसी तरह पानी वार्ड से निकालने का प्रयास होता रहा. कुछ तो मरीज और उनके परिजन भी अपने बेड के पास से पानी निकालते देखे गए.

चारों तरफ पानी ही पानी
असल में मौसम की पहली तेज बारिश से अस्पताल में जलजमाव हो गया है. इसमें लोगों की परेशानी बढ़ गई है. तेज बारिश के कारण अस्पताल के ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर के सामने पानी भर गया. इसके अतिरिक्त अस्पताल के फिजियोथैरेपी और ईएनटी विभाग में भी पानी घुस गया.

मरीजों के बेड तक पहुंचा पानी
अस्पताल आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा. ईएनटी वार्ड में मरीजों के बेड के नीचे पानी ही पानी दिख रहा था. इस दौरान पानी को निकालने के लिए सफाई कर्मी सफाई करते भी नजर आए. ईएनटी में भर्ती मरीजों ने कहा कि देर शाम बारिश के बाद वार्ड में धीरे-धीरे पानी भरने लगा और बेड के नीचे पानी भर गया.

ऑपरेशन थिएटर तक पहुंचा पानी
बुधवार की देर शाम को हुई बारिश ने मगध मेडिकल अस्पताल के प्रशासन की नींद उड़ा दी. पानी इतना तेज हुआ कि चर्म रोग विभाग के ओपीडी तक पहुंच गया. इसके अलावा आई ऑपरेशन के थिएटर के करीब तक पानी पहुंच गया. किसी तरह इसकी निकासी के लिए सफाई कर्मी कोशिश कर रहे.

नई बिल्डिंग ऊंची, पुरानी नीची
मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जलजमाव की स्थिति ऐसी थी कि मेडिकल अधीक्षक कार्यालय के बाहर भी पानी भर गया. लोग पानी में घुसकर आने जाने को मजबूर हुए.

दरअसल मगध मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की इमरजेंसी की नई बिल्डिंग ऊंचाई पर बनी हुई है, जबकि पुरानी बिल्डिंग जिसमें ओपीडी समेत कई विभाग के वार्ड हैं, वो पुरानी बिल्डिंग में ही स्थित हैं.

पुरानी बिल्डिंग में कई विभाग
इसके अतिरिक्त पुरानी बिल्डिंग में ब्लड बैंक, शिशु रोग वार्ड , चर्म रोग, आई , समेत अधीक्षक कार्यालय समेत अस्पताल के प्रशासनिक कार्यों के कामकाज पुरानी बिल्डिंग में ही होते हैं. बिल्डिंग के कई हिस्से जर्जर भी हो चुके हैं और साथ ही पुरानी बिल्डिंग ढलान के नीचे के हिस्से में स्थित है.

दुरुस्त नहीं ड्रेनेज सिस्टम
ऊपर से पानी निकासी के लिए कोई व्यवस्था नहीं है. इस कारण यहां जल जमाव की स्थिति उत्पन्न होती है. पानी के जमाव के कारण पानी अंदर वार्ड तक चला जाता है. अस्पताल में ड्रेनेज सिस्टम भी दुरुस्त नहीं है, जिससे बारिश के दिनों में यहां मरीजों की भी परेशानी बढ़ जाती है.

क्या कहते हैं अधीक्षक
इस संबंध में मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर के के सिन्हा ने कहा कि बारिश के कारण जहां जल जमाव है, उसे साफ करने के लिए सफाई कर्मी लगे हुए हैं. पानी निकासी की सही व्यवस्था नहीं होने के कारण ऐसी स्थिति हो जाती है.


Leave a Reply