MUZAFFARPUR

किसानों को नीतीश सरकार ने किया मालामाल, अब एमएसपी पर होगी दलहन और तिलहन की खरीद

बिहार के दलहन और तिलहन किसानों को नीतीश सरकार ने बड़ी खुशखबरी दी है. बिहार कैबिनेट की मंगलवार को हुई बैठक में एमएसपी पर दलहन और तिलहन उत्पादों की खरीद को लेकर बड़ा फैसला हुआ.

रबी विपणन मौसम 2025-26 एवं उसके पश्चात् के अधिप्राप्ति वर्षों को लेकर यह स्वीकृति दी गई है. इसके तहत दलहन एवं तेलहन की अधिप्राप्ति हेतु सहकारिता विभाग के नियंत्रण में कार्यरत पैक्स एवं व्यापार मंडल के माध्यम से क्रय केन्द्रों का संचालन होगा.

साथ ही बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम को राज्य स्तरीय सर्पोटर तथा केन्द्रीय भंडारण के रूप में भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ मर्यादित (नैफेड) एवं भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता संघ मर्यादित (एन०सी०सी०एफ०) को नामित कर राज्य अंतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर दलहन एवं तेलहन की अधिप्राप्ति सम्पन्न करने की स्वीकृति दी गई है. इससे न्यूनतम सर्मथन मूल्य पर अपने दलहन और तिलहन उत्पादों को किसानों को बेचना सुलभ हो जाएगा.

उड़ान से विकसित होंगे छह हवाईअड्डे

हवाई सेवाओं को विस्तार देने के लिए एक नीतीश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. बिहार कैबिनेट की मंगलवार को हुई बैठक में राज्य के छह शहरों में हवाई अड्डों को उड़ान योजना के तहत विकसित करने की स्वीकृति दी गई है.

इसमें मधुबनी, वीरपुर, मुंगेर, बाल्मीकीनगर, मुजफ्फरपुर एवं सहरसा हवाई अड्डा को उड़ान (UDAN) योजना के तहत छोटे हवाई अड्डा के रूप में विकास किया जाना है.

इस हेतु भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) की स्वीकृति के संबंध में बिहार कैबिनेट ने अपनी मंजूरी प्रदान की है.

क्या है उड़ान योजना 

उड़ान (UDAN) योजना, जिसका पूरा नाम “उड़े देश का आम नागरिक” है, भारत सरकार की एक क्षेत्रीय संपर्क योजना है जिसका उद्देश्य है देश के कम सेवा वाले और गैर-सेवा वाले हवाई अड्डों को जोड़ना और हवाई यात्रा को सभी के लिए सुलभ बनाना.

इस योजना का मुख्य लक्ष्य है हवाई किराए को कम करना, क्षेत्रीय हवाई अड्डों का विकास करना, और देश के दूरदराज के इलाकों को हवाई कनेक्टिविटी प्रदान करना.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.