MUZAFFARPUR

एयर इंडिया विमान हादसे के बाद इस उद्योगपति ने की बड़ी घोषणा, पीड़ितों की सहायता को लेकर किया ऐलान

एअर इंडिया ने पुष्टि की है कि बृहस्पतिवार को लंदन जा रहे उसके विमान के अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार 241 लोगों की मौत हो गई।

विमानन कंपनी ने बृहस्पतिवार देर रात जारी एक बयान में कहा, ‘‘हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

’’ बयान में कहा गया है कि एकमात्र जीवित व्यक्ति भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है और उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

एअर इंडिया का लंदन जा रहा विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यहां एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे।

उद्योगपति मुकेश अंबानी ने एयर इंडिया विमान दुर्घटना के पीड़ितों के लिए राहत कार्यों में पूर्ण सहयोग की शुक्रवार को पेशकश की।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अंबानी ने बयान में कहा कि वह और उनकी पत्नी नीता ‘‘ अहमदाबाद में विमान हादसे में हुई जानमाल की हानि से अत्यंत दुखी एवं व्यथित हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हम इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। दुख की इस घड़ी में, रिलायंस राहत प्रयासों में पूर्ण समर्थन देता है।

हम हर संभव तरीके से सहायता करने के लिए तैयार है।’’ अंबानी ने कहा, ‘‘ हम प्रार्थना करते हैं कि प्रभावित सभी लोगों को इस अकल्पनीय क्षति से उबरने की शक्ति मिले। ओम शांति।’’

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.