मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित साहू पोखर में बीती रात एक दुखद घटना घटी। जहां चकवासु मोहल्ला, कच्ची सराय रोड निवासी गौरव कुमार, पिता प्रकाश कुमार, की डूबने से मृत्यु हो गई।


परिजनों के अनुसार, गौरव रात करीब 12 बजे अपने एक मित्र के साथ साहू पोखर गया था। इसके बाद मित्र ने परिजनों को फोन कर सूचित किया कि गौरव पानी में डूब गया है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि साहू पोखर में इस तरह की घटनाएं आए दिन हो रही हैं, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल है।

विगत 10 दिन पहले भी एक ऐसी ही घटना सामने आई थी। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर साहू पोखर में बार-बार ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं?

कुछ स्थानीय निवासियों ने इसे संदिग्ध भी बताया है और प्रशासन से इसकी गहन जांच की मांग की है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से सबूत जुटाने की कोशिश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

वहीं स्थानीय लोग प्रशासन से साहू पोखर के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और जागरूकता अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।






Leave a Reply