MUZAFFARPUR

सीएम नीतीश की बड़ी सौगात, 264 करोड़ की लागत से पटना में TMCH भवन का किया शिलान्यास

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पटना सिटी स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में तिब्बी कॉलेज अस्पताल भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

यह भवन बीएससी नर्सिंग स्कूल और राजकीय फार्मेसी संस्थान के पीछे लगभग दस एकड़ भूमि पर निर्मित किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 264 करोड़ की लागत आने की संभावना है।

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे और बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव भी उपस्थित रहे।

शिलान्यास से पहले स्वास्थ्य विभाग के सचिव मनोज कुमार सिंह और बीएमएसआईसीएल (BMSICL) के एमडी धर्मेन्द्र कुमार ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नालंदा मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रो. उषा कुमारी, अधीक्षक डॉ. प्रो. रिश्म प्रसाद, और उपाधीक्षक डॉ. सरोज कुमार भी मौजूद थे। बीएमएसआईसीएल के अभियंताओं के अनुसार, निर्माण कार्य वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

निर्माणाधीन भवन में 200 बेड की क्षमता वाला पाँच मंज़िला यूनानी अस्पताल, 150 विद्यार्थियों की क्षमता वाला अकादमिक भवन, 500 लोगों की बैठने की क्षमता वाला वातानुकूलित सभागार, प्राचार्य, अधीक्षक, डॉक्टरों एवं कर्मियों के लिए आवासीय परिसर, यूजी और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की सुविधाएं होंगी।

वर्तमान में तिब्बी कॉलेज अस्पताल कदमकुआं में संचालित हो रहा है। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. महफूज़ुर रहमान ने बताया कि इस नए भवन के निर्माण से संस्थान को एक नई ऊंचाई मिलेगी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.