MUZAFFARPUR

आज से PM मोदी का बिहार दौरा, देंगे 50 हजार करोड़ की सौगात, पढ़ें पूरा कार्यक्रम

पटना: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार की शाम 5:25 बजे पटना पहुंचेंगे. इस दौरान पटना हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे. 1200 करोड़ की लागत से बने इस टर्मिनल में सालाना 90 लाख से 1 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी.

इसके साथ ही बिहटा एयरपोर्ट के नए सिविल एन्क्लेव का भी शिलान्यास करेंगे. इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 1410 करोड़ है.

30 मई को रोहतास जाएंगे

प्रधानमंत्री 30 मई को सुबह 10 बजे रोहतास के बिक्रमगंज में 50 हजार करोड़ से अधिक की लागत वाली अलग अलग परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण और उद्घाटन करेंगे.

इसमें औरंगाबाद के नबीनगर में 29,930 करोड़ की लागत वाली सुपर थर्मल पावर परियोजना, पटना-आरा-सासाराम और वाराणसी-रांची-कोलकाता हाईवे जैसी महत्वपूर्ण सड़क परियोजना, गंगा पर नया पुल और सोन नगर-मोहम्मदगंज के बीच तीसरी रेलवे लाइन शामिल है.

वर्ल्ड क्लास एयरपोर्ट बनेगा

गुरुवार को ही पीएम मोदी पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे. पटना के एयरपोर्ट का भवन 65,155 वर्ग मीटर में फैला हुआ है.

इसको बनाने 12 सौ करोड़ रुपये की लागत आई है. वही, प्रधानमंत्री बिहटा में बनने वाले एयरपोर्ट का शिलान्यास भी करेंगे. इसके लिए 542 करोड़ रुपये का आवंंटन किया गया है. इसके बाद ही पटना में नरेंद्र मोदी रोड शो करेंगे.

बिहार में सरप्लस हो जाएगी बिजली

नरेंद्र मोदी 30 मई को बिक्रमगंज में सभा करेंगे. वहीं से पीएम मोदी औरंगाबाद जिले के नबीनगर में 29947.91 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सुपर थर्मल पावर प्लांट की आधारशिला रखेंगे.

इसके बन जाने पर बिहार को 1500 मेगावाट बिजली मिलेगी. इसके साथ ही बिहार बिजली क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो जाएगा. मोदी 30 मई को 3712 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पटना-सासाराम एक्सप्रेसवे का भी शिलान्यास करेंगे.

यूपी और बिहार के बीच नया पुल

इस दौरान नरेन्द्र मोदी बक्सर और उत्तर प्रदेश के भरौली के बीच बनने वाले पुल का शिलान्यास भी करेंगे. गंगा नदी पर बनने वाला तीन लेन का पुल 3.2 किलोमीटर लंबा होगा.

यह पुल पूर्वांचल और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को सीधे जोड़ेगा. इसके निर्माण पर करीब 368 करोड़ रुपये की लागत आएगी. इसके अलावा भी प्रधानमंत्री और कई परियोजनाओं का शिलान्यास और शुभारंभ कर सकते हैं

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.