पटना: राजधानी पटना का जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अब अंतरराष्ट्रीय स्वरूप में आ चुका है. नए टर्मिनल भवन को दुल्हन की तरह सजाया गया है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 मई 2025 को करेंगे.

बिहारवासी लंबे समय से इस आधुनिक टर्मिनल का इंतजार कर रहे थे, जो अब यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए तैयार है.


आधुनिक सुविधाओं से लैस है नया टर्मिनल: जयप्रकाश नारायण हवाई अड्डे का नया टर्मिनल 65,155 वर्ग मीटर में फैला है, जो मौजूदा टर्मिनल से कई गुना बड़ा है. ये 1,400 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हुआ है और इसमें 54 चेक-इन काउंटर, 5 एयरोब्रिज, 8 एक्स-रे बैगेज स्कैनर, और 5 सामान कन्वेयर बेल्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं हैं.


बिहार की संस्कृति और कला को दर्शाता है इंटीरियर: नया टर्मिनल चालू होने पर प्रतिदिन 4,500 यात्रियों को संभाल सकता है, जिससे वार्षिक यात्री क्षमता 25 लाख से बढ़कर 1 करोड़ हो जाएगी. उड़ानों की संख्या भी 34 से बढ़कर 75 तक पहुंचने की उम्मीद है.

टर्मिनल का डिजाइन मधुबानी कला और नालंदा विश्वविद्यालय की वास्तुकला से प्रेरित है, जिसमें छठ पूजा, बुद्ध, महावीर, और पटना साहिब गुरुद्वारा के चित्रण भी शामिल हैं. यात्रियों को अब टर्मिनल तक पहुंचने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि इसमें दो प्रवेश द्वार, एक निकास द्वार, और मल्टी-लेवल पार्किंग तक सीधी पहुंच है.

100 फीट ऊंचा तिरंगा बना आकर्षण का केंद्र: एयरपोर्ट परिसर में 100 फीट ऊंचा तिरंगा स्थापित किया गया है, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, इसके साथ ही, परिसर में जयप्रकाश नारायण को समर्पित एक विशेष क्षेत्र भी बनाया गया है.


नया टर्मिनल मल्टी-लेवल कार पार्किंग, वीआईपी लाउंज, कैफेटेरिया, और व्यावसायिक स्थानों से सुसज्जित है, जो यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करेगा.
बिहटा एयरपोर्ट और अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी दिन बिहटा में प्रस्तावित नए हवाई अड्डे की आधारशिला भी रखेंगे, जो बड़े विमानों के संचालन के लिए बनाया जाएगा. बिहटा हवाई अड्डा, जो 35 किमी दूर है, 68,000 वर्ग मीटर में फैला होगा और 116 एकड़ जमीन पर निर्मित होगा. ये 3,000 यात्रि प्रति घंटा और 50 लाख यात्रि प्रतिवर्ष की क्षमता के साथ बिहार की हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा.

आधुनिक एयरपोर्ट से बिहार को मिलेगा नया आयाम’B
भाजपा प्रवक्ता दानिश इकबाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहारवासियों को कई सौगात देने जा रहे हैं. नए टर्मिनल के शुरू होने से पटना हवाई अड्डा बिहार की आर्थिक और पर्यटन संभावनाओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा. बिहटा हवाई अड्डे और अन्य परियोजनाओं के साथ, बिहार में कनेक्टिविटी और विकास को नया आयाम मिलेगा.

किन परियोजनाओं का होगा शिलान्यास?
इसके अलावा, पीएम मोदी औरंगाबाद के नबीनगर में 29,947.91 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सुपर थर्मल पावर प्लांट, पटना-गया-डोभी चार लेन राजमार्ग (5,519 करोड़), एनएच-27 पर गोपालगंज में ग्रेड सुधार (249 करोड़), सासाराम से अनुग्रह नारायण रोड तक स्वचालित रेल सिग्नलिंग (43 करोड़), सोन नगर-मुहम्मदगंज के बीच तीसरी रेल लाइन (65 किमी, 1,338 करोड़), और जहानाबाद में जेएनवी के लिए छात्रावास व स्टाफ क्वार्टर (8 करोड़) का भी शिलान्यास करेंगे.



Leave a Reply