MUZAFFARPUR

किन्नरों ने शादी के मंडप से ही दूल्हे को किया किडनैप, खुशी-खुशी बारात लेकर पहुंचा दूल्हा

गोपालगंज में एक शादी समारोह के दौरान एक बेहद ही अनोखी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मनोरंजन के लिए बुलाई गई डांस पार्टी दूल्हे के लिए ही ‘जी का जंजाल’ बन गई।

डांस पार्टी के सदस्यों ने विवाद के बाद मंडप से ही दूल्हे का अपहरण कर लिया! हालांकि, गोपालगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने दूल्हे को सिवान जिले के जामो बाजार से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है।

साधु चौक पर दूल्हे का अपहरण, हड़कंप

यह सनसनीखेज घटना शुक्रवार देर रात नगर थाना क्षेत्र के साधु चौक की है। दिघवा दुबौली से सोनू शर्मा की बारात आई थी। शादी में मनोरंजन के लिए किन्नरों की एक डांस पार्टी को बुलाया गया था।

बताया जा रहा है कि प्रोग्राम के दौरान डांस पार्टी के सदस्यों का कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि नाराज किन्नर सीधे दुल्हन के घर के मंडप में पहुँच गए और दूल्हे का अपहरण कर उसे गाड़ी में बिठाकर फरार हो गए।

पुलिस की मुस्तैदी, सीवान से बरामदगी

दूल्हे के अपहरण से शादी समारोह में हड़कंप मच गया और दुल्हन के घरवालों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। गोपालगंज पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। दूल्हे के मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उसका पीछा करना शुरू किया और आखिरकार सिवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र से दूल्हे को सकुशल बरामद कर लिया।

दोनों पक्षों ने दिया आवेदन, पुलिस जांच में जुटी

गोपालगंज एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि शादी समारोह में मंडप से दूल्हे को उठा ले जाने की खबर सामने आई थी, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लिया। उन्होंने बताया कि दूल्हे को सीवान के जामो थाना से रिकवर कर लिया गया है। दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत मिली है, जिस पर जांच की जा रही है।

इस घटना ने शादी समारोहों में बाहरी समूहों को बुलाने से पहले उनकी पृष्ठभूमि की जांच करने की आवश्यकता पर एक बार फिर से जोर दिया है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.