MUZAFFARPUR

मन में फुट रहा CM बनने का लड्डू’, RJD का तंज- ‘राजनीति का चिराग नहीं जलने वाला’

पटना: जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव पास आ रहा है, सूबे की सियासत गरमाती जा रही है. पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग के साथ-साथ पोस्टर वार भी तेज हो गई है.

बुधवार को पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय के बाहर एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें सीधे तौर पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को निशाने पर लिया गया है. मुख्यमंत्री बनने की चाहत रखने वाले चिराग के साथ-साथ उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी इसमें तंज कसा गया है.

चिराग पर आरजेडी का पोस्टर अटैक

आरजेडी के पोस्टर में एलजेपीआर चीफ चिराग पासवान को सोते हुए दिखाया गया है. कैप्शन में लिखा है, ‘मुंगेरी लाल के हसीन सपने’.

आरजेडी नेता संजू कोहली पासवान की ओर से इस पोस्टर में दावा किया गया है कि चिराग मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं लेकिन उनकी ये चाहत पूरी नहीं होने वाली है.

पोस्टर में तेजस्वी यादव को ‘शुद्ध देसी बिहारी’ और एलजेपीआर अध्यक्ष को ‘बाहरी’ बताते हुए लिखा, ‘राजनीति का चिराग नहीं जलने वाला है.’

मन में फुट रहा CM बनने का लड्डू’

चिराग पासवान के साथ-साथ आरजेडी ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर भी हमला बोला है. पोस्टर में सम्राट और चिराग को ‘मुकुट’ पहने हुए दिखाया गया है. कैप्शन में लिखा है, ‘ये लोग आपको धोखा देते आए हैं, बुझ जाइये चाचा. चौधरी जी के मन में भी सीएम वाला लड्डू फुट रहा है.’

चिराग के कारण जेडीयू की सीटें घटी

पोस्टर में ये भी लिखा गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले विधानसभा चुनाव में मात्र 43 सीट जीते थे, जिसका जिम्मेदार चिराग पासवान ही थे.

आरजेडी ने सीएम को ये भी याद दिलाया कि जब 2015 में महागठबंधन के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़े थे, तब जेडीयू को 72 सीटें मिली थी. हालांकि उस चुनाव में जेडीयू को 71 सीटों पर जीत मिली थी.

क्या सीएम बनना चाहते हैं चिराग?

केंद्रीय मंत्री और एलजेपीआर चीफ चिराग पासवान कई बार कह चुके हैं कि वह महत्वाकांक्षी हैं और उनकी नजर बिहार की राजनीति पर है. उन्होंने ये भी कहा कि वह 2030 में जरूर विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बनना चाहेंगे. वहीं उनकी पार्टी के नेता चाहते हैं कि चिराग 2025 में ही विधानसभा चुनाव लड़ें.

इस बीच कई पोस्टर भी लगाए गए हैं, जिसमें उनको भावी मुख्यमंत्री के रूप में दिखाया गया है. हालांकि पिछले दिनों मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद चिराग कह चुके हैं कि नीतीश कुमार ही एनडीए का सीएम चेहरा हैं.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.