समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां हथियारबंद अपराधियों ने किराना व्यवसायी दो भाइयों पर फायरिंग कर दी, जिससे वो घायल हो गये. गोली की आवाज सुनते सैकड़ो लोग मौके पर पहुंच गए और घेराबंदी करते हुए दोनों अपराधियों को पकड़ लिया.

भीड़ ने अपराधियों को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया. वहीं एक अपराधी फरार हो गया.

दो भाइयों को अपराधियों ने मारी गोली
घटना की सूचना पर दलसिंहसराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. ये घटना दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के सरदारगंज चौक पर हुई है.

जहां किराना दुकान चलाने वाले अभिषेक कुमार की दुकान पर बाइक सवार 3 अपराधी पहुंचकर लूटपाट करने लगे. वहीं विरोध करने पर अपराधियों ने अभिषेक कुमार और उनके भाई पिंटू कुमार को गोली मार दी. उधर गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.

अपराधियों को भीड़ ने उतारा मौत के घाट: गोली मारकर भाग रहे दो अपराधियों को आसपास के लोगों ने घेर लिया. हालांकि एक मौके का फायदा उठाकर भाग गया. पकड़े गए दोनों अपराधियों को स्थानीय लोगों ने पीट-पीटकर घटनास्थल पर ही मार डाला. फिलहाल मृतक अपराधियों की पहचान नहीं हो पाई है.

जख्मी भाइयों का चल रहा है इलाज
जख्मी किराना व्यवसायी अभिषेक कुमार और उनके भाई पिंटू कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.

घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थाने की पुलिस, दलसिंहसराय डीएसपी विवेक शर्मा और एसपी अशोक मिश्रा अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए.

इस मामले को लेकर एसपी अशोक मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है. घटना के बाद फरार हुए अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर इलाके में छापेमारी की जा रही है. वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है.

बता दें कि कुछ दिन पहले कल्याणपुर थाना इलाके के तारा मोहनपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में हथियारबंद अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था.

विरोध करने पर व्यसायी को गोली मार दी थी, जिससे वो जख्मी हो गया था. वो मामला ठंडा भी नहीं हुआ कि अपराधियों ने दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया है.


Leave a Reply