केंद्र की सत्ता में शामिल एनडीए गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) ने भाजपा के खिलाफ बड़ा बयान दिया है।

पार्टी ने मांग की है कि मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कुंवर विजय शाह पर कार्रवाई हो, क्योंकि उन्होंने भारतीय सेना की ऑफिसर कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ गलत और अपमानजनक बात कही है। कर्नल सोफिया ने पाकिस्तान के आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर की अगुवाई की थी।

आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने गुरुवार शाम औरंगाबाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि मंत्री का बयान बहुत ही शर्मनाक है और इसकी कड़ी निंदा होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ऐसा बयान कोई भी दे, उस पर जरूर कार्रवाई होनी चाहिए और भाजपा को इसमें सख्त कदम उठाना चाहिए।

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री ने कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में जो बयान दिया है, वह बहुत ही आपत्तिजनक और गैर जिम्मेदाराना है। ऐसा बयान देने की किसी को भी इजाजत नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कर्नल सोफिया भारत की बेटी हैं और हम सबको उन पर गर्व है। उनके खिलाफ कोई भी गलत बात कही जाती है तो उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा को इस मामले में जरूर कदम उठाना चाहिए।







Leave a Reply