मुजफ्फरपुर: जब भी ऑपरेशन का नाम जहन में आता है, तो लोग सहम जाते हैं, लेकिन बिहार के मुजफ्फरपुर में अनोखा मामला सामने आया है. जहां एक बच्चा ऑपरेशन के दौरान भी अपने मोबाइल पर गणित की क्लास ले रहा था.

29 अप्रैल को हुआ था ऑपरेशन
अनमोल को बचपन से ही हर्निया की बीमारी थी. जब अनमोल के परिजन पिछले महीने सुपर स्पेशियलिटी में आए, तो डॉक्टरों ने उन्हें ऑपरेशन कराने की सलाह दी, जिससे परिजन ऑपरेशन के लिए राजी हो गए. इसके बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन की तारीख 29 अप्रैल तय की थी.

अनमोल का हर्निया का हुआ ऑपरेशन
मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में प्रमोद कुमार के 10 वर्षीय बेटे अनमोल कुमार तरियानी का लेफ्ट इनगुइनल हर्निया का ऑपरेशन चल रहा था. इसी बीच ऑपरेशन थिएटर में अनमोल की तल्लीनता देखकर डॉक्टर और नर्स हैरान रह गए.

ऑपरेशन थिएटर में पढ़ता रहा अनमोल
आमतौर पर बच्चे अस्पताल में भर्ती होने पर मोबाइल गेम में उलझे रहते हैं, लेकिन अनमोल ने अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दी और ऑपरेशन के दौरान भी गणित की क्लास ली. अनमोल के इस हौसले की डॉक्टर तारीफ कर रहे हैं.

इंजीनियर बनना चाहता है अनमोल
ऑपरेशन शुरू हुआ और अनमोल ने मोबाइल स्क्रीन पर आंखें गड़ाए रखीं, तभी डॉक्टर ने हल्के अंदाज में पूछा कि बड़े होकर क्या बनना है.

डॉक्टर, इंजीनियर या फिर अधिकारी. अनमोल ने अपने जवाब में कहा कि मैं इंजीनियर बनना चाहता हूं. उसका जवाब सुनकर पूरा ऑपरेशन थिएटर मुस्कुरा उठा.




Leave a Reply