MUZAFFARPUR

क्या जीतनराम मांझी ने अमित शाह से मिलकर नीतीश कुमार की शिकायत की? बोले- फैसले से कष्ट हुआ है

पटना: केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संरक्षक जीतनराम मांझी ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच कई मुद्दों पर बातचीत हुई. बैठक के बाद बाहर निकलकर मांझी ने बताया कि जब से मोदी मंत्रिमंडल का गठन हुआ है, तब से उनके साथ ये पहली औपचारिक मुलाकात थी.

पहलगाम हमले के कारण पिछली बार उनसे नहीं मिल पाए थे. हमने उनको इस बात के लिए कृतज्ञता जाहिर की है कि एक सांसद होने के बावजूद मुझे केंद्रीय कैबिनेट में जगह दी गई.

अमित शाह ने क्या पूछा?

जीतनराम मांझी ने कहा कि अमित शाह ने उनसे पूछा कि बिहार में कैसा चल रहा है? इस पर उन्होंने कहा कि बिहार में जो भी हो, एनडीए की सरकार बनेगी. वहां आपलोगों के पक्ष में हवा चल रही है, वहां चिंता करने की जरूरत नहीं है.

सीट शेयरिंग पर क्या बात हुई?

हम संरक्षक ने बताया कि सीट बंटवारे पर गृहमंत्री से उनकी कोई बात नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि अगर संजय जायसवाल से बात नहीं हुई होती तो जरूर अमित शाह से बात करते लेकिन संजय जायसवाल से 5-6 दिन पहले बात हुई थी, जिसमें उनको बताया गया कि जून के अंत में या जुलाई में हमलोग (एनडीए के नेता) बैठेंगे और बिहार में सीट बंटवारे पर बातचीत होगी. इसलिए आज गृहमंत्री से कोई बात नहीं हुई.

मांझी ने अमित शाह से की शिकायत

भले ही सीट शेयरिंग पर दोनों नेताओं के बीच कोई बात नहीं हुई लेकिन जीतनराम मांझी ने गृहमंत्री से अपनी उपेक्षा को लेकर शिकायत की. मांझी ने कहा कि उन्होंने अमित शाह से कहा कि अभी बिहार में 20 सूत्री कार्यक्रम की प्रखंड स्तरीय और जिला स्तरीय समिति का गठन हुआ है, जिसमें उनकी पार्टी (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) को दरकिनार किया गया है.

इस पर हमने दुख प्रकट करते हुए उनको कहा कि हम भी एनडीए के पार्टनर हैं, हमारा भी 4 विधायक है. नियमत: जहां का जो एमएलए होता है, वहीं 20 सूत्री का अध्यक्ष होता है. इस पर गृहमंत्री ने भरोसा दिलाया कि वह बात करेंगे और उनका कष्ट दूर करेंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.