पटना : ”बीपीएससी और बीटीएससी के जरिए नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी की जा रही है. अगले 3 महीने में नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी.

कुल मिलाकर 35000 से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी मिलेगी. स्वास्थ्य विभाग 8000 से अधिक नई भर्ती करने जा रही है. प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी.” यह कहना है बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे का.

बिहार में शुरू होंगे 294 आयुष्मान आरोग्य मंदिर
दरअसल, राज्य सरकार बिहार में आयुष्मान आरोग्य मंदिर की शुरुआत करने जा रही है. बिहार में कुल मिलाकर 294 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करने की योजना है.

सरकार की ओर से 12 करोड़ 9 लाख रुपए जिलों के लिए निर्गत भी कर दिए गए हैं. आयुष चिकित्सकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वह आयुष्मान आरोग्य मंदिर का संचालन ठीक तरीके से कर सके.

आम लोगों के लिए दवाएं भी उपलब्ध रहेगी
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने सोमवार को पटना में प्रशिक्षण शिविर का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया और चिकित्सकों से जनहित में काम करने का अनुरोध किया. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आयुष चिकित्सीय सुविधा के साथ-साथ औषधि, हर्बल गार्डन, और योग की व्यवस्था की जा रही है.

आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मिलेंगी ये सुविधाएं
मंगल पांडे ने कहा कि गांव में चिकित्सा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सरकार आयुर्वेदिक तरीके से चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देना चाहती है. सभी 294 आयुष्मान आरोग्य मंदिर में चिकित्सकों की नियुक्ति कर दी गई है. आयुष्मान आरोग्य मंदिर में लोगों के लिए योग करने की व्यवस्था होगी. दवाइयां मुफ्त मिलेगी और भविष्य में पैथोलॉजी जांच की व्यवस्था भी शुरू करने की योजना है.

8000 से अधिक नई भर्ती की प्रक्रिया
मंगल पांडे ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में 35000 से अधिक भर्ती की प्रक्रिया चल रही है और अगले 3 महीने में भर्ती की प्रक्रिया को पूरी कर ली जाएगी.

स्वास्थ्य विभाग में 8000 से अधिक नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. हम युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और समय से पहले प्रक्रिया को पूरी कर ली जाएगी.



Leave a Reply