MUZAFFARPUR

बिहार में मौसम की दोहरीमार, इन जिलों में होगी झमाझम बारिश तो कई जगह तापमान होगा 42°C के पार

पटना: बिहार में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है और तापमान में अचानक से तेज बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. बीते दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है.

जिस कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित रहा.

कई जिलों में बारिश का अलर्ट

बिहार में मौसम की दोहरी मार देखने को मिल रही है. एक ओर तेज गर्मी लोगों को जला रहा है तो वहीं कुछ जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग की माने तो सुपौल और अररिया जिले के कुछ भागों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है.

31 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र पटना द्वारा आज यानी 22 अप्रैल को राज्य के 31 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है. इन जिलों में हॉट डे, हॉट नाइट और उमस भरी गर्मी की चेतावनी दी गई है. यह अलर्ट इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में मौसम और भी गर्म हो सकता है, जिससे लू चलने की संभावना बढ़ जाएगी. इस दौरान बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को काफी सावधानी बरतने की जरूरत है.

क्यों बढ़ रही गर्मी?

आईएमडी के मुताबिक वर्तमान में एक पूर्व-पश्चिम दिशा की द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से लेकर पूर्वी बांग्लादेश तक फैली हुई है, जो समुद्र तल से करीब 0.9 किमी ऊपर है. इसके अलावा, ऊपरी हवा का चक्रवात पूर्वोत्तर असम के आसपास बना हुआ है, जो 1.5 से 3.1 किमी ऊंचाई पर स्थित है. इन मौसमी कारकों के कारण बिहार में गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति बनी हुई है.

उत्तर और दक्षिण बिहार में असर

उत्तर-पश्चिम बिहार के जिलों जैसे पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में गर्मी का असर स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है. वहीं उत्तर-मध्य जिलों जैसे सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है. दक्षिण बिहार के गया, पटना, औरंगाबाद, भोजपुर और बक्सर जैसे जिलों में भी 40°C से अधिक तापमान दर्ज किया गया है.

21 अप्रैल का तापमान रिकॉर्ड

21 अप्रैल को राज्य के डेहरी में सर्वाधिक तापमान 42.4°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6°C छपरा में रहा. गया में तापमान 41.8°C, औरंगाबाद में 41.7°C, सासाराम में 40.8°C, बक्सर में 40.9°C और गोपालगंज में 40.2°C रहा। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि राज्य के लगभग सभी हिस्सों में तीव्र गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है.

 

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.