MUZAFFARPUR

मल्लिकार्जुन खरगे की सभा में खाली रह गईं कुर्सियां, प्रदेश नेतृत्व ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष को किया सस्पेंड

बक्सर: कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज पांडे को निलंबित कर दिया गया है. 20 अप्रैल को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा में खाली कुर्सियां रैली की शोभा बढ़ा रही थी. जिसको लेकर प्रदेश नेतृत्व ने समन्वय का अभाव और तैयारियों में चूक का हवाला देते हुए उनको पद से हटा दिया है.

नप गए जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा जारी पत्र में यह बताया गया है कि दिनांक 20 अप्रैल 2025 को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का दलसागर खेल मैदान बक्सर में कार्यक्रम संपन्न हुआ.

प्रथम दृष्टया सभा की तैयारी की घोर कमी और आपस में समन्वय का अभाव पाया गया. जिला कांग्रेस कमेटी ने अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन ठीक से नहीं किया.

लिहाजा आपको जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है.

खरगे की सभा में खाली रह गईं कुर्सियां

दरअसल, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 20 अप्रैल को बक्सर के दलसागर खेल मैदान में ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ रैली को संबोधित किया था. इस रैली में खाली पड़ी हजारों कुर्सियां मंच पर बैठे कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व से लेकर, प्रदेश नेतृत्व के नेताओं को मुंह चिढ़ा रही थी.

यही कारण है कि 24 घंटे के अंदर जिला अध्यक्ष को निलंबित कर पार्टी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि लापरवाही करने वाले चाहे किसी भी पद पर हो, उन पर कार्रवाई करने से पार्टी गुरेज नहीं करेगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.