MUZAFFARPUR

महिलाओं को साधेंगे नीतीश! आज से ‘महिला संवाद’ की शुरुआत

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार (18 अप्रैल) से 2 करोड़ महिलाओं से संवाद का नया अभियान शुरू कर रहे हैं. 2 महीने तक यह कार्यक्रम चलेगा. चुनावी साल में नीतीश सरकार का यह बड़ा अभियान है.

महिला संवाद अभियान की शुरुआत करेंगे नीतीश: मुख्यमंत्री आवास संकल्प से अभियान शुरू हो रहा है, जिसमें बिहार सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार भी मौजूद रहेंगे.

मुख्यमंत्री 50 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. 600 जगह पर पहले दिन महिला संवाद कार्यक्रम होगा, लेकिन अगले दिन से 1200 जगह पर इसका आयोजन होने लगेगा.

एक साथ सभी 38 जिलों में कार्यक्रम

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के अनुसार सभी 38 जिले में महिला संवाद का कार्यक्रम करने जा रहे है. बिहार के 48000 गांव में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा. बड़े गांव में एक से अधिक संवाद करने की तैयारी है. ऐसे में कुल 70000 से अधिक जगहों पर महिला संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.

अभियान का उद्देश्य

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि महिला संवाद कार्यक्रम करने के पीछे मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सरकार द्वारा क्रियान्वित योजनाएं, कार्यों के विषय में महिलाओं को जानकारी प्रदान करना है.

महिलाओं को अपने गांव या टोलों की समस्याओं और आकांक्षाओं को चिह्नित कर उसकी प्राथमिकता निर्धारण करने के लिए अवसर प्रदान करना, संवाद के दौरान प्राप्त समस्याओं का विभिन्न स्तर पर त्वरित समाधान करना, प्राप्त सूचनाओं के आधार पर सरकार की योजनाओं के सूत्रण एवं नीति निर्धारण में महिलाओं की आकांक्षाओं को बेहतर ढंग से समाहित करना है.

महिलाओं से ली जाएगी फीडबैक

नीतीश सरकार की ओर से संवाद में बिहार में जो काम हुए हैं, उन उपलब्धियों को महिलाओं को बताना है. साथ ही पंचायत से लेकर सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए आरक्षण,

बिहार राज्य महिला सशक्तिकरण नीति 2015, नशा मुक्ति अभियान, बाल विवाह और दहेज प्रथा उन्मूलन अभियान, जीविका, सतत जीविकोपार्जन योजना , मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, सीएम बालिका पोशाक योजना, साइकिल योजना, बालिका प्रोत्साहन योजनाओं रे बारे में चर्चा करने के साथ ही फीडबैक लिया जाएगा.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.