मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा हो गया. बुधवार को एक दलित बस्ती में भीषण आग लग गयी. इस अगलगी में 50 से अधिक घर जल गए. हादसे में 4 बच्चों समेत 5 लोगों की झुलसकर मौत हो गई है. वहीं 15 बच्चे लापता हैं. घटना बरियारपुर थाना क्षेत्र के रामपुर मनी पंचायत की है.

मुजफ्फरपुर में भीषण आग
बताया जा रहा है कि गोलक पासवान के घर में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी और देखते ही देखते पूरे झुग्गी के इलाके में फैल गई.

स्थानीय लोगों ने बताया कि राजू पासवान नामक व्यक्ति के 3 बच्चों की झुलसकर मौत हो गई है. इन बच्चों की उम्र 12 साल, आठ साल और नौ साल है. घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई है.

मौके पर मची चीख-पुकार
ग्रामीणों ने पुलिस और अग्निशमन को आग लगने की सूचना दी. दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं.

घटना के बाद से मौके पर चीख-पुकार मच गई है. पीड़ित परिवार अपने बच्चों को तलाश रहे हैं.

गमगीन हुआ पूरा गांव
गांव की स्थिति हृदयविदारक बनी हुई है. अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है. मरने वाले चार बच्चों का शव निकाला गया है. पूरा गांव गमगीन हो गया है. मृतक के परिजन दहाड़ मारकर रो रहे हैं. मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है. शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेजा जा रहा है.


Comment here