पूर्वी चंपारण जिला के कल्याणपुर विधायक व राजद जिलाध्यक्ष मनोज यादव और उनके समर्थकों के खिलाफ कोटवा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गई है. एनएचएआई के अधिकारी के लिखित आवेदन पर आरजेडी विधायक मनोज यादव पर प्राथमिकी दर्ज हुई है.

RJD विधायक मनोज यादव पर FIR
डीएम के निर्देश पर कोटवा थाना क्षेत्र में दीपउ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 पर बने अवैध कट को बंद करने पर नाराज राजद विधायक ने स्थायी बैरिकेटिंग को अपने समर्थकों के साथ उखाड़ दिया. साथ ही वहां मौजूद अधिकारियों को फटकार भी लगायी. इसी घटना को लेकर विधायक और उनके समर्थकों पर प्राथमिकी दर्ज हुई है.

डीएम ने अवैध कट को बंद करने का दिया था निर्देश
दरअसल,कोटवा थाना क्षेत्र के दीपउ मोड़ के पास अवैध रुप से एक कट बनाया हुआ था, जिसे बंद करने की स्थानीय लोगों ने मांग की थी. क्योंकि उस अवैध कट के कारण वहां दुर्घटनाएं हो रही थी. जिसके बाद डीएम ने एनएचएआई के अधिकारियों को उस अवैध कट को बंद करने का निर्देश दिया.

विधायक पर बैरिकेटिंग को उखाड़ने का आरोप
एनएचएआई के अधिकारी शनिवार को बड़ी संख्या में पुलिस बल और स्थानीय अंचलाधिकारी मोनिका आनंद के साथ दीपउ पहुंचे,जहां अवैध कट को स्थायी रूप से बंद कर दिया. इसकी जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक मनोज यादव अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और एनएच 27 के उस कट को बंद किए जाने पर नाराजगी जताई. साथ ही वहां अधिकारियों को फटकार लगाई.उसके बाद एनएचएआई द्वारा लगाए गए स्थायी बैरिकेटिंग को उखाड़ कर हटा दिया.

विधायक समर्थकों पर भी प्राथमिकी
डीएम को जब इस बात की जानकारी हुई तो डीएम ने सख्ती दिखाते हुए एसपी से बात की. उसके बाद रविवार को एक बार फिर एनएचएआई के अधिकारी बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंचे और उस अवैध कट को स्थायी बैरिकेटिंग कर बंद कर दिया.

साथ ही एनएचएआई के अधिकारी ने स्थानीय राजद विधायक व राजद जिलाध्यक्ष मनोज यादव और उनके समर्थकों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है.

वहीं इस संबंध में कल्याणपुर के राजद विधायक मनोज यादव से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी.



Leave a Reply