MUZAFFARPUR

बिहार में भयंकर बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने को लेकर इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

पटना: बिहार का मौसम अब पूरी तरह से बदल चुका है. गर्मी की चिलचिलाती तपिश के बाद अब बारिश और आंधी का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक 10 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली, बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है. इस कारण मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.

आंधी और बारिश ने मचाया कहर

बीते 9 अप्रैल को बिहार में मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला. दिनभर तेज आंधी और बारिश के साथ गरज-चमक का दौर जारी रहा. देर रात तक ठनका गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई. राजधानी पटना में भी अचानक शाम को झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया.

मौसम में होने जा रहा है बड़ा बदलाव

आज 10 अप्रैल को बिहार में तेज हवाओं, बारिश और गरज-चमक के साथ ठनका गिरने की संभावना बनी हुई है. अधिकांश जिलों में मौसम का यही हाल रहेगा. मौसम विभाग ने 12 अप्रैल तक के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है.

कितने दिनों तक जारी रहेगा खराब मौसम

मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक मौसम में इस तरह का बदलाव जारी रहेगा. पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे जुड़ी दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिससे चक्रवाती परिसंचरण बन चुका है और इसका प्रभाव बिहार के मौसम पर भी पड़ेगा.

हिमालयी तराई क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट

आज हिमालय के तराई क्षेत्र में स्थित आठ जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वा हवाएं चलने की संभावना है.

इसके साथ ही बादल गरजने, ओले गिरने और बारिश की संभावना भी बनी हुई है. इन जिलों में किशनगंज और सुपौल में भारी बारिश हो सकती है. ठनका गिरने के खतरे को देखते हुए इन दोनों जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

सावधान रहें, मौसम विभाग ने किया अलर्ट

बिहार के अन्य जिलों जैसे गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया, बांका, मुंगेर, जमुई, शेखपुरा, बेगूसराय, पटना, नालंदा, नवादा, जहानाबाद और गया में भी गरज-चमक, ओले गिरने और बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने सभी जिलों में सतर्क रहने की अपील की है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.