MUZAFFARPUR

तेजस्वी के CM फेस पर कांग्रेस ने जताया एतराज,अध्यक्ष राजेश राम को महागठबंधन के सीएम फेस बनाने की मांग से भूचाल…

बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की ओर से राजद के तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री का चेहरा के तौर पर पेश किए जाने को लेकर राजद के कई नेताओं के बयान आते रहते हैं. लेकिन कांग्रेस के नेताओं को तेजस्वी का सीएम फेस होना पसंद नहीं आ रहा है.

इसे लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से आपत्ति जताने के सिलसिला बरकरार है. यहां तक कि अब कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम को महागठबंधन के सीएम फेस बनाने की मांग हुई है. इससे बिहार में महा गठबंधन के घटक दलों में दरार जैसी स्थिति उत्पन्न होते दिख रही है.

कांग्रेस,विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष यशवंत कुमार चमन ने इसे लेकर बड़ी मांग की है. महागठबंधन की तरफ से दलित नेता और कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर बिहार चुनाव लड़ने की मांग की. कांग्रेस अध्यक्ष पद से अखिलेश सिंह की विदाई होने के बाद अब कांग्रेस गठबंधन में भी फ्रंट फूट पर बैटिंग करने लगी है.

राजद जहां तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर चुनाव लड़ने की बात करती है. वहीं कांग्रेस नेता की तरफ से राजेश राम को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की मांग से महागठबंधन में एक नई चर्चा शुरू हो गई है. यशवंत कुमार चमन पटना उच्च न्यायालय के वरीय अधिवक्ता है और कांग्रेस की पिछली प्रदेश कमेटी में प्रदेश सचिव रह चुके हैं.

गौरतलब है कि कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने एक दिन पहले ही कहा था कि अभी सीटों के बंटवारे पर राजद से कोई बात शुरू नहीं हुई है. साथ ही तेजस्वी यादव को सीएम फेस के रूप में स्वीकारने के सवाल पर भी उन्होंने चुप्पी साध ली थी.

वहीं दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से बिहार कांग्रेस के सही नव नियुक्त जिला अध्यक्षों की बैठक हुई है.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.