BIHARMUZAFFARPURPATNA

बिहार पुलिस सेवा के अधिकारी के ठिकाने पर EOU की रेड, किशनगंज-पूर्णिया में संपत्ति खंगाल रही टीम

बिहार : बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार की सुबह पूर्णिया और किशनगंज के पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ईओयू की विशेष टीम ने एडीपीओ गौतम कुमार के कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। यह कार्रवाई पटना, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में की जा रही है।

दो प्रमुख ठिकानों को निशाने पर लिया है
ईओयू की टीम ने एडीपीओ गौतम कुमार के पूर्णिया शहर स्थित दो प्रमुख ठिकानों को निशाने पर लिया है। हाउसिंग कॉलोनी स्थित आलीशान आवास पर टीम सुबह से ही कागजातों की बारीकी से जांच कर रही है। कोरटबाड़ी स्थित आवास पर भी टीम के सदस्य चल और अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं। वहीं किशनगंज में मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे गौतम कुमार के घर और कार्यालय पर भी टीम पहुंची। ईओयू की टीम तीन गाड़ियों में 12 सदस्यीय टीम पहुंची है। टीम कागजात, दस्तावेज और अन्य सामानों की गहन जांच कर रही है।

कागजात और भारी नकदी के सुराग मिले
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान टीम को कई बैंक खातों, जमीन में निवेश संबंधी कागजात और भारी नकदी के सुराग मिले हैं। अधिकारी घर के भीतर मौजूद लॉकर और बैंक लेन-देन की सघन जांच कर रहे हैं। हालांकि, ईओयू के अधिकारियों ने अभी तक बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा साझा नहीं किया है और वे कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं।

किशनगंज में तैनात हैं, पूर्णिया मुख्य ठिकाना रहा है
गौतम कुमार फिलहाल किशनगंज जिले में पदस्थापित हैं, लेकिन उनका मुख्य ठिकाना पूर्णिया रहा है। ईओयू को लंबे समय से उनके विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके सत्यापन के बाद न्यायालय से सर्च वारंट लेकर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल ईओयू की टीम दोनों घरों को अंदर से बंद कर जांच में जुटी है। किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। संभावना जताई जा रही है कि देर शाम तक ईओयू प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस पूरी छापेमारी में हुई बरामदगी और निवेश से जुड़े बड़े खुलासे कर सकती है।

आय से अधिक की संपत्ति अर्जित करने का आरोप
आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार एसडीपीओ गौतम कुमार पर पर एक करोड़ 94 लाख 9 हजार 244 रुपए की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। एसडीपीओ गौतम कुमार फिलहाल किशनगंज में ही मौजूद हैं। गौतम कुमार वर्तमान में किशनगंज जिले में एसडीपीओ के पद पर तैनात हैं। इससे पहले, वे पटना में बीएमपी-5 में डीएसपी के रूप में कार्यरत थे। आरोप है कि उन्होंने हाल के दिनों में जिले में अवैध बालू खनन, लॉटरी माफिया, तस्करी और लूट के कई मामलों में सक्रिय भूमिका निभाई थी, जिससे बड़े गिरोहों का भंडाफोड़ हुआ। इन गतिविधियों से काली कमाई करने का उन पर आरोप है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.