पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भाई सतीश कुमार ने प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर जेडीयू नेता निशांत कुमार का नाम आगे किया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर निशांत कुमार प्रदेश की कमान संभाल लेंगे. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर सतीश कुमार बड़ी बात कही.

बिहार के CM पद के लिए निशांत तैयार – सतीश
पटना में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भाई सतीश कुमार ने दावा किया कि, ”अगर निशांत कुमार पर भरोसा किया जाए तो वे मुख्यमंत्री के तौर पर दायित्व निभा सकते हैं. इसमें कोई दिक्कत नहीं है.” उन्होंने कहा कि ”निशांत कुमार मानसिक रूप से पूर्ण स्वस्थ हैं. अगर उनके कंधे पर बिहार संभालने की जिम्मेदारी दी जाती है, तो वे संभाल लेंगे.”

‘नीतीश बिहार छोड़कर न जाएं’, क्या बोले सतीश?
सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने और दिल्ली जाने को लेकर उनके भाई सतीश कुमार ने कहा कि ”सभी लोग चाहते हैं कि वे बिहार छोड़कर न जाएं. लेकिन, राज्यसभा जाने का फैसला उनका था. इसीलिए, वे जा रहे हैं.”

निशांत को बिहार की कमान सौंपने की सुगबुगाहट
दरअसल, निशांत कुमार को बिहार की कमान सौंपने की सुगबुगाहट तेज होने लगी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भाई सतीश कुमार ने जहां उनके नाम पर मुहर लगाई है, तो वहीं जेडीयू के अंदर भी कई नेताओं ने दावा किया है कि वे निशांत कुमार को सीएम बनाने के लिए काम करेंगे. हाल ही में जब निशांत कुमार अपने पैतृक गांव पहुंचे तो वहां भी ग्रामीणों ने मांग करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के बाद प्रदेश की कमान निशांत ही संभाले.
‘मैं राज्यसभा सदस्य बनना चाहता हूं’
इससे पहले भी हाल ही में सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का ऐलान कर प्रदेशवासियों को चौंका दिया था. नीतीश कुमार ने कहा था कि वे राज्यसभा सदस्य बनना चाहते हैं, इसीलिए वे राज्यसभा जाना चाहते हैं.

नीतीश चले दिल्ली, कौन संभालेगा बिहार?
पिछने दिनों बिहार की 5 राज्यसभा सीटों पर चुनाव हुए. नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव जीत लिया. दूसरी ओर, वे लगातार प्रदेश में ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर रहे हैं. वहीं निशांत कुमार ने राजनीतिक जीवन में प्रवेश कर लिया है. बहुत जल्द वे यात्रा पर निकलने वाले हैं, जहां वे कार्यकर्ताओं के अलावा लोगों से मुलाकात कर पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे. हालांकि पार्टी के बड़े नेताओं ने भी निशांत को लेकर भरोसा जताया है.

निशांत कुछ अच्छा करेंगे- श्रवण कुमार
पार्टी के वरिष्ठ नेता और नीतीश कुमार के खास माने जाने वाले ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार से जब सवाल पूछा गया कि क्या निशांत जेडीयू की कमान संभालेंगे?, इस पर श्रवण कुमार ने साफ तौर पर कुछ भी नहीं बोले, लेकिन इतना जरूर कहा कि, ”निशांत बिहार का बेटा है, पढ़ा लिखा है, होनहार है, कुछ करना चाहता है, आगे वे कुछ अच्छा करेंगे.”



Leave a Reply