पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का रिजल्ट सोमवार को जारी किया जाएगा. बिहार बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर डेढ़ बजे तीनों संकाय, साइंस, कॉमर्स और कला का रिजल्ट शिक्षा मंत्री सुनील कुमार जारी करेंगे.

13.17 लाख परीक्षार्थी हुए थे शामिल
इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक राज्यभर के 1762 परीक्षा केंद्रों पर हुई. कुल 13.17 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे. इनमें छात्राओं की संख्या 6.75 लाख रही, जबकि छात्रों की संख्या 6.42 लाख दर्ज की गई.

इस दिन आएगा इंटर का रिजल्ट
मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक राज्य के 1699 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में कुल 15.12 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे. इनमें 7.85 लाख छात्राएं और 7.26 लाख छात्र शामिल रहे. मैट्रिक परीक्षा भी राज्यभर में कड़ी निगरानी और सख्त व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई थी.

मार्च में ही मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट
मैट्रिक परीक्षा को लेकर भी बोर्ड ने तेजी से काम किया है. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है और टॉपर्स वेरिफिकेशन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है. बोर्ड की कोशिश है कि मार्च महीने के अंत तक मैट्रिक परीक्षा का परिणाम भी जारी कर दिया जाए. फिलहाल संभावना जताई जा रही है कि मैट्रिक का रिजल्ट 29 मार्च से 2 अप्रैल 2026 के बीच जारी किया जा सकता है.

8वीं बार रिकॉर्ड बनाएगा बोर्ड
बिहार बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम समय से पहले जारी करने के लिए लगातार तेज गति से काम कर रहा है. यही कारण है कि हर साल की तरह इस बार भी बोर्ड देश के अन्य शिक्षा बोर्डों से पहले रिजल्ट जारी करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. गौरतलब है कि यह लगातार आठवां वर्ष होगा जब बिहार बोर्ड देश में सबसे पहले बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी करने का रिकॉर्ड बनाएगा.

लगातार सुधार कर रहा बोर्ड
बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में किए गए सुधार और मूल्यांकन प्रक्रिया में तकनीक के उपयोग के कारण यह संभव हो पाया है. उन्होंने बताया कि पारदर्शिता और समयबद्धता को प्राथमिकता देते हुए बोर्ड लगातार सुधार कर रहा है.



Leave a Reply