सूत्रधार : हरि वर्मा

रेलवे प्लेटफॉर्म पर एक छोटा-सा बच्चा यात्रियों की ओर मुखातिब था। उसकी उंगली पास ही दुबके एक पिल्ले की ओर उठी थी। वह आने-जाने वाले लोगों से कह रहा था— ‘‘इसने दो दिन से दूध नहीं पीया है।’’
पहली नजर में लोगों को लगा कि शायद यह भीख मांगने का कोई नया तरीका है। किसी की नजर बच्चे पर पड़ती तो कोई पिल्ले को देखने लगता। कुछ लोग आगे बढ़ जाते, तो कुछ अपनी जेब या बटुए में सिक्के तलाशने लगते।
पिछले पंद्रह-बीस मिनट से यही सिलसिला चल रहा था। प्लेटफॉर्म से गुजरने वाला हर शख्स एक बार बच्चे और पिल्ले की ओर जरूर देखता। कोई बच्चे को पुचकारता तो कोई पिल्ले को सहलाता। बच्चा वहीं बैठकर पिल्ले की आंखों में आंखें डालकर उससे खेलता रहता। भूख के कारण पिल्ला सुस्त था, लेकिन उसकी नजरें भी लगातार बच्चे पर ही टिकी थीं।
दुबके हुए पिल्ले को पुचकारते उस बच्चे की मासूमियत ऐसी थी कि अनायास ही हर किसी का ध्यान उनकी ओर खिंचा चला आता था।
कोई मोबाइल निकालकर दोनों की तस्वीर खींचता, तो कोई वीडियो बनाने लगता। कुछ लोग बच्चे की आवाज सुनकर पसीज जाते और उसकी हथेली पर कुछ सिक्के रखकर आगे बढ़ जाते। बच्चे की फरियाद बस इतनी थी कि उसके दोस्त ने दूध नहीं पीया है।

एक दीदी आईं… और शुरू हुई प्यार की अनोखी कहानी
तभी अचानक एक युवती वहां पहुंचीं। पीठ पर पिट्ठू बैग लटकाए वह किसी नौकरीपेशा या छात्रा जैसी लग रही थीं। उनके पास कोई सामान नहीं था। उन्होंने सबसे पहले पिल्ले को पुचकारा, फिर बच्चे को दुलारा। कुछ ही देर में वह बच्चे के साथ घुल-मिल गईं।
बातों-बातों में युवती ने बच्चे से पूछा—
‘‘तुम इसके लिए रोज दूध का इंतजाम कैसे करते हो? क्या लोग तुम्हें दूध के पैसे दे देते हैं? इसका दूध तो मिल जाता होगा, लेकिन तुम खुद क्या खाते हो? पढ़ते नहीं हो? यह तुम्हें कहां मिला?’’
फिर उन्होंने बच्चे से एक ऐसा सवाल किया, जिसने इस कहानी को एक नया मोड़ दे दिया।
‘‘तुम इसे मांगकर खिलाने-पिलाने के बजाय उन पैसों से खुद पढ़ाई क्यों नहीं करते? क्या तुम इसे मुझे दे दोगे? मैं इसका खूब ख्याल रखूंगी। इसे रोज भरपेट दूध मिलेगा। तुम्हारा दोस्त कभी भूखा नहीं रहेगा। क्या मैं इसे अपने साथ ट्रेन से अपने घर ले जाऊं?’’
बच्चा कुछ देर सोचता रहा। उसे लगा कि दीदी सही कह रही हैं। उनके साथ जाने पर उसके दोस्त को दूध की कमी नहीं होगी। उसे भूखा नहीं रहना पड़ेगा। शायद उसकी अपनी परेशानी भी कम हो जाएगी।
कुछ देर की उधेड़बुन के बाद आखिरकार बच्चे ने पिल्ले को युवती के साथ भेजने की हामी भर दी।
युवती खुश हो गईं। वह तुरंत प्लेटफॉर्म के एक स्टॉल पर गईं और चिप्स-नमकीन के दो छोटे-छोटे पैकेट खरीदकर बच्चे को दे दिए। पैकेट हाथ में आते ही बच्चे की आंखें चमक उठीं। उसने खुशी-खुशी पैकेट थाम लिए और युवती ने पिल्ले को अपनी गोद में उठा लिया।
वह अपने कोच की दिशा में आगे बढ़ने लगीं।
पल भर में ऐसा लगा मानो प्यार और बेबसी के बीच कोई सौदा हो गया हो। एक तरफ बच्चे के हाथों में चिप्स-नमकीन के पैकेट थे, तो दूसरी तरफ उसकी गोद से दूर होता उसका सबसे प्यारा दोस्त।

चिप्स के पैकेट से ज्यादा कीमती था दोस्त का प्यार
ट्रेन अभी प्लेटफॉर्म पर लगी नहीं थी, लेकिन डिस्प्ले इंडिकेटर से युवती को अपने कोच की दिशा का पता चल चुका था। वह पिल्ले को गोद में लिए आगे बढ़ रही थीं।
बच्चा वहीं खड़ा होकर उन्हें देखता रहा। उसकी निगाहें युवती की गोद में बैठे अपने दोस्त पर टिकी थीं। दोनों धीरे-धीरे उससे दूर होते जा रहे थे।
शुरुआत में चिप्स और नमकीन के पैकेट पाकर जिन आंखों में खुशी की चमक थी, अब वही चमक धीरे-धीरे फीकी पड़ने लगी। पिल्ले से बिछड़ने का अहसास उस मासूम के चेहरे पर साफ झलकने लगा।
आखिरकार उससे रहा नहीं गया।
युवती ने जो दो पैकेट उसे दिए थे, उन्हें लेकर वह दौड़ता हुआ अमूल के स्टॉल पर पहुंचा। दुकानदार से गिड़गिड़ाने लगा—
‘‘अंकल, नमकीन के ये पैकेट ले लीजिए और बदले में एक मिल्क का टेट्रा पैक दे दीजिए।’’
दुकानदार ने बच्चे की बात सुनी। शायद उसकी आंखों में छिपी बेचैनी और दोस्त के लिए उमड़ते प्यार को वह समझ गया था। उसने बच्चे को दूध का एक टेट्रा पैक थमा दिया और पैसे भी नहीं लिए।
दूध का पैकेट हाथ में आते ही बच्चा दौड़ पड़ा। उसे अपने दोस्त तक पहुंचना था। वह किसी भी कीमत पर उसे भूखा विदा नहीं करना चाहता था।

आखिरी बार अपने दोस्त को दूध पिलाने की चाह
बच्चा दूध लेकर युवती और पिल्ले तक पहुंच गया। उसने टेट्रा पैक खोला और दूध प्लेटफॉर्म पर उड़ेल दिया। पिल्ला दूध चाटने लगा और बच्चा उसकी आंखों में देखकर उसे दूध पीते हुए निहारता रहा।
उसके चेहरे पर एक अलग ही संतोष था। मानो उसे खुशी हो कि जाने से पहले वह अपने दोस्त का पेट भर पा रहा है।
उसे लगा कि अब पिल्ले की भूख मिट गई है। अब वह उसे एक दिन और अपने पास रख सकेगा। लेकिन युवती तो उसे अपने साथ ले जाने के इरादे से आई थीं। वह फिर पिल्ले को गोद में उठाने के लिए आगे बढ़ीं।
यहीं से बच्चे के मन में एक नई उधेड़बुन शुरू हो गई।
वह कभी पिल्ले को देखता, कभी युवती को। अब वह अपने दोस्त को उनसे पीछे छिपाने लगा। उसके सामने सवाल था—क्या अपने दोस्त को बेहतर जिंदगी देने के लिए उसे खुद से दूर जाने दे या फिर उसे अपने पास ही रखे?
प्यार और बिछोह के बीच उलझे उस मासूम के लिए फैसला करना मुश्किल हो रहा था।
आखिरकार उसकी आंखें भर आईं। डबडबाई आंखों से उसने युवती को नमकीन के वही पैकेट लौटाते हुए कहा—
‘‘इसे मुझे ही दे दीजिए और आप अपने ये पैकेट वापस ले लीजिए। इसके बिना मेरा मन नहीं लगेगा।’’
बस, इतना सुनना था कि युवती का दिल भी पसीज गया। बच्चे की आंखों में छलकते आंसुओं ने उनके इरादे बदल दिए। उन्होंने पिल्ले को प्यार से पुचकारा और फिर उसे वापस बच्चे की गोद में सौंप दिया।
बच्चे ने पिल्ले को ऐसे सीने से लगाया, मानो अब उसे किसी भी कीमत पर खुद से दूर नहीं होने देगा। वह उसे गोद से नीचे उतारने का जोखिम भी नहीं उठाना चाहता था।

आखिरकार जीत गया प्यार!
कुछ देर बाद ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आ गई। युवती अपने कोच में जाकर बैठ गईं। खिड़की से उन्होंने एक बार फिर बच्चे और पिल्ले को देखा। मुस्कराकर हाथ हिलाया और बाय किया।
बच्चा चाहकर भी उन्हें बाय नहीं कर सका। उसके दोनों हाथ अपने दोस्त को थामे हुए थे।
ट्रेन धीरे-धीरे प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ने लगी। युवती की आंखों के सामने से बच्चा और पिल्ला ओझल होते गए।
अब बच्चा फिर अपने दोस्त के साथ था। उसकी आंखों में आंसू अब भी थे, लेकिन ये आंसू जुदाई, विरह, बेबसी या पीड़ा के नहीं थे। ये खुशी के आंसू थे। उसे अपना दोस्त वापस मिल गया था।
उस प्लेटफॉर्म पर कुछ देर पहले एक बच्चा अपने दोस्त को बेहतर जिंदगी देने के लिए उससे बिछड़ने को तैयार था। लेकिन जब बिछोह सामने आया तो उसे एहसास हुआ कि उसके लिए चिप्स-नमकीन के पैकेट, दूध और दूसरी तमाम चीजों से कहीं ज्यादा कीमती उसका दोस्त है।
उसने अपने हिस्से की खुशी छोड़कर दोस्त की भूख मिटाने की कोशिश की थी। और जब दोस्त को खोने की बारी आई तो उसने हर सौदा ठुकरा दिया।

मुंशी प्रेमचंद के हल्कू और जबरा की याद…
आंखों के सामने घटे इस छोटे-से घटनाक्रम ने अनायास ही मुंशी प्रेमचंद की कालजयी कहानी ‘पूस की रात’ के हल्कू और उसके साथी जबरा की याद दिला दी।
हल्कू और जबरा के बीच भी ऐसा ही आत्मीय रिश्ता था। गरीबी, अभाव और कठिन परिस्थितियों के बीच पनपा वह साथ केवल एक इंसान और जानवर का रिश्ता नहीं था, बल्कि एक-दूसरे के प्रति गहरे अपनत्व और भरोसे का प्रतीक था।
इस रेलवे प्लेटफॉर्म पर भी एक गरीब बच्चा और एक नन्हा पिल्ला उसी आत्मीयता की कहानी लिख रहे थे। फर्क सिर्फ इतना था कि यहां बिछड़ने की नौबत आई तो बच्चे ने अपने दोस्त को खोने से इनकार कर दिया।

किसी ने उस बच्चे को भीख मांगने वाला समझा, किसी ने उसकी मासूमियत पर दया दिखाई, तो किसी ने उसके दोस्त को बेहतर जिंदगी देने की कोशिश की। लेकिन शायद किसी ने यह नहीं समझा कि उस बच्चे के लिए वह पिल्ला सिर्फ एक जानवर नहीं, बल्कि उसका परिवार, उसका साथी और उसकी दुनिया था।
उस दिन रेलवे प्लेटफॉर्म पर न कोई बड़ा उपदेश दिया गया, न प्रेम की कोई परिभाषा लिखी गई। एक बच्चे ने बस इतना साबित कर दिया कि प्यार की कोई कीमत नहीं होती और सच्चे रिश्ते किसी सौदे से नहीं बंधते।
अब आप ही बताइए… इस प्यार को क्या नाम दें?



Comment here